हेमंत शर्मा, इंदौर। बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए इंदौर पुलिस अब पूरी तरह हाईटेक मोड में नजर आ रही है। कमिश्नरेट ने फैसला लिया है कि अब हर थाने में ऐसे पुलिसकर्मी तैयार किए जाएंगे जो मौके पर ही साइबर फ्रॉड की शिकायत का समाधान कर सकें। इसी योजना के तहत पुलिस कमिश्नर कार्यालय में एक विशेष साइबर ट्रेनिंग आयोजित की गई, जिसमें करीब 80 पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक और ऑनलाइन पोर्टल की जानकारी दी गई।

साइबर हेल्प डेस्क को मजबूत करने की योजना

पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर थाना स्तर पर साइबर हेल्प डेस्क को मजबूत करने की योजना बनाई गई है, ताकि पीड़ितों को शिकायत के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और थाने में ही तुरंत कार्रवाई हो सके। शनिवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह, आर.के. सिंह समेत सभी डीसीपी, एडिशनल डीसीपी और एसीपी मौजूद रहे। शहर के सभी थानों से आरक्षक और प्रधान आरक्षक स्तर के पुलिसकर्मियों को बुलाकर साइबर अपराधों से निपटने की ट्रेनिंग दी गई।

ये भी पढ़ें: पॉवर गॉशिप: ‘अदना’ ने बता दिया सूची हवा-हवाई…विधायक फोन बंद करने की फिराक में…’सच में हम सब घूमने ही गए थे’…एसडीएम पहले फील्ड में रहती थीं

क्राइम ब्रांच के एडीशनल डीसीपी ने कही ये बात

क्राइम ब्रांच के एडीशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया और टेक्निकल टीम ने पुलिसकर्मियों को बताया कि किस तरह 1930 हेल्पलाइन, cybercrime.gov.in पोर्टल समेत NCRP, संचार साथी, समन्वय, ई-DAR, निदान और साइबर पुलिस पोर्टल का उपयोग कर तुरंत कार्रवाई की जा सकती है। प्रशिक्षण में यह भी सिखाया गया कि शिकायत मिलते ही कैसे ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कर पीड़ित के पैसे होल्ड कराए जा सकते हैं और जांच को मजबूत बनाया जा सकता है।

ये भी पढ़ें: जंजीरों में बंधा सिलेंडर: इंदौर में गैस चोरी के बाद हड़कंप, महिला ने चेन से बांधकर जड़ा ताला

तकनीकी दौर में अपराधी भी हाईटेक

पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने साफ कहा कि तकनीकी दौर में अपराधी भी हाईटेक हो चुके हैं, इसलिए पुलिस को उनसे एक कदम आगे रहना होगा। उनका लक्ष्य है कि इंदौर पुलिस का हर थाना साइबर मामलों में सक्षम बने और कोई भी पीड़ित थाने से निराश होकर वापस न जाए।कमिश्नरेट ने संकेत दिए हैं कि ऐसे प्रशिक्षण आगे भी लगातार होते रहेंगे और आने वाले समय में हर थाने में साइबर मामलों के लिए प्रशिक्षित पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m