हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में एक बार फिर गैंगस्टर के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। इस बार शहर के एक बड़े कारोबारी को फोन और वॉइस मैसेज के जरिए जान से मारने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की फिरौती मांगी गई है। बदमाश ने खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ बताते हुए अपना नाम हैरी बॉक्सर बताया है। मामला तुकोगंज थाना क्षेत्र का है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, कारोबारी संजय को अज्ञात नंबर से कॉल आया था। कॉल रिसीव नहीं करने पर आरोपी ने वॉइस मैसेज भेजा, जिसमें खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए पहले 10 करोड़ रुपए की मांग की गई। इसके बाद दोबारा मैसेज कर रकम बढ़ाकर 15 करोड़ रुपए कर दी गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।

यह भी पढ़ें: त्योहारों से पहले इंदौर पुलिस का बड़ा एक्शन: 5 बदमाश जिलाबदर, 11 पर सख्त निगरानी, कमिश्नर के आदेश से मचा हड़कंप

कारोबारी ने मामले की शिकायत तुकोगंज थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नंबर की जांच शुरू कर दी है और वॉइस मैसेज की भी साइबर जांच कराई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शहर में पहले छोटे बदमाशों द्वारा धमकी के मामले सामने आते थे, लेकिन अब अंतरराज्यीय गैंग के नाम पर भी कारोबारी और व्यापारियों को डराने की कोशिश की जा रही है। 

कुछ दिन पहले महू के किशनगंज क्षेत्र में भी एक अस्पताल कारोबारी को इसी तरह फोन कर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जिस नंबर से कॉल आया उसकी साइबर डिटेल निकाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: बिस्कुट फैक्ट्री मैनेजर को कर्मचारी ने दी जान से मारने की धमकी, मौसेरे भाई को जॉब से निकालने पर उठाया खौफनाक कदम

इंदौर एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। फोन और वॉइस मैसेज की जांच की जा रही है। नंबर की साइबर डिटेल निकलवाई जा रही है, जल्द ही आरोपी तक पहुंचेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m