सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले में एक इंटर के छात्र की हत्या कर उसका शव सड़क किनारे फेंक दिया गया। यह घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हराजपुर टिकुलिया बांध के पास हुई, जहां रविवार शाम एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया था। पुलिस को शव के पास से एक जोड़ी चप्पल और बिरयानी का चावल भी मिला, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया।

मृतक युवक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पतौड़ा बनकट गांव निवासी धनेश पासवान के 18 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि विशाल रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अपने घर से मोबाइल चार्ज में लगाकर निकला था। वह घर से कुछ ही दूरी पर एक परिचित की बाइक पर बैठकर चला गया था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

कल सोमवार शाम को परिजनों ने सोशल मीडिया पर मुफ्फसिल थाना पुलिस द्वारा जारी अज्ञात युवक के शव की तस्वीर देखी। तस्वीर देखने के बाद उन्होंने तुरंत थाने से संपर्क किया और वहां पहुंचकर शव की पहचान की, जो विशाल की थी। शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के चाचा सुरेश पासवान ने बताया कि, विशाल तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसने इसी वर्ष इंटर की परीक्षा दी थी। परिवार इस घटना से सदमे में है।

मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अंबेश कुमार ने बताया कि, हराजपुर टिकुलिया बांध के पास से बरामद अज्ञात शव की पहचान विशाल कुमार के रूप में हो चुकी है। प्रथम दृष्टया हत्या के पीछे आपसी रंजिश का मामला सामने आ रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करने का दावा कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

ये भी पढ़ें- शर्मनाक: बिहार में 8 माह की गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म, पीड़िता ने चचेरे भसुर पर लगाया आरोप