विकास कुमार, सहरसा। जिले में आयोजित स्वागत सह अभिनंदन समारोह के दौरान विधायक आईपी गुप्ता ने भाजपा की खुलकर तारीफ की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि, बिहार में भाजपा की सरकार आने वाली है और लंबे समय से भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारी अब डर के कारण दिल्ली भागने की तैयारी में हैं।

बेहतर काम की जताई उम्मीद

आईपी गुप्ता ने कहा कि, भाजपा की ओर से जो भी मुख्यमंत्री बनेगा, उसे यह जानकारी है कि कौन-कौन से अधिकारी गलत कामों में शामिल हैं और उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सरकार बनने के बाद बिहार में बेहतर काम देखने को मिलेगा।

कोई बच नहीं पाएगा- आईपी गुप्ता

https://twitter.com/lalluram_news/status/2034861669101522991?s=20

आईपी गुप्ता ने भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि, कोई भी यह न सोचे कि उसके ऊंचे स्तर पर संपर्क हैं, इसलिए वह बच जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि, सहरसा के विकास में बाधा डालने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।

साथ ही उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री चाहे जदयू से बने या बीजेपी से उन्हें आईपी गुप्ता के लिए दरवाजा खुला रखना पड़ेगा। मुख्यमंत्री चाहे जो भी बने उसे सहरसा का काम करना पड़ेगा।

सम्राट बन सकते हैं बिहार के अगेल सीएम

राज्यसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद नीतीश कुमार अब कभी भी सीएम पद से अपना इस्तीफा दे सकते हैं। कयास लगाया जा रहा है कि मौजूदा डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी बिहार के अगले और बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बन सकते हैं। वहीं, डिप्टी सीएम पद जदयू के खाते में जा सकता है।

बीजेपी को हराकर बने थे विधायक

तेजस्वी यादव के करीबी माने जाने वाले आईपी गुप्ता (इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता) सहरसा से विधायक हैं। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के पूर्व मंत्री आलोक रंजन झा को हराकर जीत हासिल की थी। आईपी गुप्ता इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। 2025 में उन्होंने महागठबंधन के साथ चुनाव लड़ा था।

राज्यसभा में राजद उम्मीदवार को किया वोट

बता दें कि हालही में बिहार की 5 राज्यसभा सीटों पर हुए चुनाव में आईपी गुप्ता ने राजद उम्मीदवार अजय सिंह धारी को अपना वोट दिया था। हालांकि महागठबंधन के 4 विधायकों के मतदान प्रक्रिया में भाग नहीं लेने की वजह से राजद उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा था। इनमें राजद के एक और कांग्रेस के 3 विधायक शामिल थे।

ये भी पढ़ें- जमानत के बाद भी जेल में रहेंगे अनंत सिंह, अगले 3 दिन तक नहीं मिल पाएगी रिहाई, कोर्ट ने रखी है यह शर्त