Jos Buttler 600 Sixes in T20: इन दिनों भारत में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की धूम है. इस सीजन के 14वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के स्टार बल्लेबाज जोस बटलर ने कमाल कर दिया है. उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 52 रनों की तूफानी पारी खेली. इस पारी में 5 छक्के शामिल थे, जिसके दम पर बटलर ने T20 क्रिकेट में अपने 600 छक्के भी पूरे कर लिए हैं. उन्होंने हमवतन एलेक्स हेल्स को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के टॉप-5 सिक्स हिटर्स की लिस्ट में एंट्री कर ली है.

बटलर की तूफानी फिफ्टी और 600 छक्कों का क्लब

दिल्ली के खिलाफ जब गुजरात ने 19 रन पर अपना पहला विकेट खोया था, तब बटलर क्रीज पर उतरे थे. उन्होंने आते ही छक्कों की बारिश कर डाली. बटलर ने महज 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 27 बॉल पर 3 चौके और 5 कड़क छक्कों के दम पर 52 रन किए. बटलर पूरी दुनिया में T20 क्रिकेट में 600 छक्के लगाने वाले 5वें बल्लेबाज बन चुके हैं.

T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का विश्व रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने अपने पूरे करियर में 1056 सिक्स ठोके हैं. उनके बाद किरोन पोलार्ड, आंद्रे रसेल और निकोलस पूरन जैसे दिग्गज हैं. इनके बाद बटलर का नाम आता है.

T20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी

क्रिस गेल- 1056
किरोन पोलार्ड- 982
आंद्रे रसेल- 784
निकोलस पूरन- 712
जोस बटलर- 600*
एलेक्स हेल्स- 595
कोलिन मुनरो- 582
ग्लेन मैक्सवेल- 571
रोहित शर्मा- 554
डेविड मिलर- 541

बटलर का ‘विराट’ करियर रिकॉर्ड

जोस बटलर के ओवरऑल T20 आंकड़ों की बात करें, तो उन्होंने 496 मैचों की 467 पारियों में 34.98 की औसत से 13,961 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 146.24 का रहा है. वह T20 क्रिकेट में अब तक 8 शतक और 99 अर्धशतक लगा चुके हैं.

बटलर ने आईपीएल में क्या किया?

अगर आईपीएल की बात करें, तो बटलर ने साल 2016 में डेब्यू किया था. तब से लेकर अब तक वह 124 मैचों में करीब 40 की औसत और 149.57 की स्ट्राइक रेट से 4,236 रन बना चुके हैं. उनके नाम इस लीग में 7 शतक और 25 फिफ्टी शामिल हैं. बटलर आईपीएल में 418 चौके और 192 छक्के मार चुके हैं. वह मुंबई, राजस्थान और जीटी टीम के लिए खेल चुके हैं.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H