Blessing Muzarabani in KKR: ये वही तेज गेंदबाज है, जो आईपीएल के पिछले सीजन यानी 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेल चुका है. उस टीम ने लुंगी एनगिडी के रिप्लेसमेंट के तौर पर 75 लाख रुपये में अपनी टीम से जोड़ा था.
Blessing Muzarabani in KKR: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन यानी आईपीएल 2026 का मंच तैयार है. 28 मार्च से शुरू होने जा रहे नए सीजन से ठीक पहले 3 बार की चैंपियन टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बड़ी चाल चल दी है. इस टीम ने बांग्लादेशी पेसर मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर 6 फीट 8 इंच लंबे तूफानी बॉलर को अपने साथ जोड़ लिया है. यह खिलाड़ी आईपीएल के लिए पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का साथ छोड़कर आने को तैयार भी हो चुका है. ये वही खिलाड़ी है, जिसने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी आग उगलती गेंदों से 13 विकेट चटकाए थे.
17 मार्च को टीम से जुड़ने जा रहा ये खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि ब्लेसिंग मुजरबानी हैं, जो जिम्बाब्वे से आते हैं. दुनिया भर की टी20 लीग में खेलने का अनुभव और अब ईडन गार्डन्स के मैदान पर अपनी लंबाई और गति से विरोधी टीमों के बल्लेबाजों के होश उड़ाते नजर आएंगे. ब्लेसिंग मुजरबानी आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे.
क्यों माना जा रहा KKR का नया हथियार?
ब्लेसिंग मुजरबानी KKR के नए हथियार माने जा रहे हैं, जो अकेले के दम पर मैच पलटने की क्षमता रखते हैं. 6 फीट 8 इंच की लंबाई उन्हें केवल बाउंस ही नहीं, बल्कि पावरप्ले और डेथ ओवर्स में एक बेहद खतरनाक गेंदबाज बनाती है. मुजरबानी अपनी लंबाई का फायदा उठाकर नई गेंद को अतिरिक्त उछाल देते हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जब जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को मात देकर सबसे बड़ा उलटफेर किया था तो इसी बॉलर के दम पर. ब्लेसिंग ने उस मैच में कंगारू टीम के खिलाफ पावरप्ले में ही जोश इंग्लिस और कैमरन ग्रीन को आउट कर कंगारू टीम की कमर तोड़ दी थी.
ब्लेसिंग मुजरबानी की खासियत?
बाएं हाथ के इस बॉलर की सबसे बड़ी खासियत ये है कि डेथ ओवर्स में मुजरबानी अपनी ‘स्लोअर बॉल्स’ और ‘कटर’ का इस्तेमाल बखूबी करते हैं, जो काफी कारगर होता है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मैच में उन्होंने अंतिम ओवरों में जॉर्ज लिंडे जैसे खिलाड़ियों को बांधे रखा था. ईडन गार्डन्स की पिच पर जहां गेंद को थोड़ा उछाल मिलता है. ऐसे में मुजरबानी हर्षित राणा के साथ मिलकर एक घातक पेस अटैक बना सकते हैं. जिन मुस्तफिजुर रहमान की जगह मुजरबानी को लाया गया है, उनके पास मुस्तफिजुर की तुलना में अधिक गति और बाउंस है, जो कोलकाता की पिचों पर शुरुआती ओवरों में विकेट दिलाने में कारगर साबित होगा.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मुजरबानी ने क्या किया?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इस खिलाड़ी ने कमाल की बॉलिंग की थी. उन्होंने सिर्फ 6 मैचों में 14.46 की औसत से 13 शिकार किए थे. अपनी आग उगलती गेंदों के दम पर उन्होंने न सिर्फ विरोधी टीमों के बल्लेबाजों को खामोश रखा बल्कि टीम के सबसे सफल बॉलर भी बने. कप्तान सिकंदर रजा को जब-जब विकेट की दरकार हुई तो मुजरबानी ने शिकार करके दिया. टीम को सुपर 8 तक पहुंचाने में इसी बॉलर ने कमाल का योगदान दिया था.
ब्लेसिंग मुजरबानी का क्रिकेट करियर कैसा रहा है?
ब्लेसिंग मुजरबानी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं. वो जिम्बाब्वे के लिए अब तक 18 टेस्ट में 67 विकेट ले चुके हैं. 57 वनडे में 70 शिकार किए हैं, जबकि टी20 के 89 मैचों में 106 विकेट निकाले हैं. ओवरऑल टी20 क्रिकेट के 137 मैचों में वो 155 बल्लेबाजों का शिकार कर चुके हैं.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

