IPL 2026 foreign players debut list: इंडियन प्रीमियर लीग के हर सीजन से नए खिलाड़ी निकलते हैं. इस बार 7 विदेशी खिलाड़ी डेब्यू करने जा रहे हैं. इन खिलाड़ियों पर सबकी नजर रहने वाली है. इस मंच पर अगर ये खिलाड़ी बढ़िया प्रदर्शन कर गए तो पूरी दुनिया उनका लोहा मानेगी.
IPL 2026 foreign players debut list: आईपीएल 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. आज से ठीक 10 दिन बाद यानी 28 मार्च की शाम, जब बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में टॉस के लिए सिक्का उछलेगा, तो यह सिर्फ आईपीएल 2026 की शुरुआत नहीं, बल्कि एक ‘त्योहार’ का आगाज होगा. सबसे बड़ी बात यह है कि IPL का 19वां सीजन अपने अब तक के सबसे भव्य अंदाज में नजर आएगा. 64 दिनों तक चलने वाले क्रिकेट के इस महाकुंभ में 10 टीमें एक खिताब जीतने के लिए 13 अलग-अलग वेन्यू पर कुल 84 मुकाबले खेलेंगी. जो भी टीम बढ़िया प्रदर्शन करेगी, चैंपियन का ताज उसके सिर सजेगा.
टी20 विश्व कप 2026 के ठीक 20 दिन बाद आईपीएल 2026 का आगाज हो रहा है. इस नए सीजन में सबकी नजरें उन 7 विदेशी सितारों पर टिकी हैं, जो पहली बार दुनिया की सबसे बड़ी लीग में अपना जलवा बिखेरने को तैयार हैं. इनमें 2 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने हाल में हुए टी20 विश्व कप में अपनी-अपनी टीमों के लिए शतक ठोका था.
ये हैं वो 7 विदेशी ‘डेब्यूटेंट्स’ जो मचाएंगे धमाल
1 – फिन एलन (KKR)

यह खिलाड़ी पहली बार आईपीएल खेलने आ रहा है. न्यूजीलैंड के इस धाकड़ बल्लेबाज को केकेआर ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा है. फिन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 33 बॉल पर शतक ठोका था. यह सेंचुरी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास की सबसे तेज सेंचुरी रही थी, जिसमें फिन ने 10 चौके और 8 छक्के लगाए थे.
2 – पथुम निसांका (DC)

टी20 विश्व कप 2026 में बल्ले से तबाही मचाने वाले इस श्रीलंकाई ओपनर को दिल्ली की टीम ने 4 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा है. पिछले 2 सालों से पथुम श्रीलंका टीम के स्टार बैटर हैं. टी20 विश्व कप 2026 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक ठोका था. अब वह आईपीएल को भी यादगार बनाना चाहेंगे.
3 – बेन डकेट (DC)

इंग्लैंड की टेस्ट टीम के ओपनर बेन डकेट पहली बार आईपीएल खेलने आ रहे हैं. उन्हें नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा था. इस खिलाड़ी के पास पहले 6 ओवरों में तेजी से रन बटोरने की क्षमता है.
4 – अल्लाह गजनफार (MI)

अफगानिस्तान के 19 साल के ‘मिस्ट्री स्पिनर’ पर 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने 4.80 करोड़ रुपये का दांव खेला है. अगर इस खिलाड़ी को डेब्यू का मौका मिलता है, तो वह बीच के ओवरों में न सिर्फ रन रोकेगा, बल्कि विकेट निकालने की काबिलियत भी रखता है.
5 – जैक एडवर्ड्स (SRH)

यह खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया से आता है. घरेलू क्रिकेट में बढ़िया प्रदर्शन किया है. बिग बैश लीग 2025-26 में भी अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था. यही वजह है कि 25 साल के इस उभरते ऑलराउंडर को सनराइजर्स हैदराबाद ने 3 करोड़ रुपये में खरीदा है.
6 – ब्लेसिंग मुजरबानी (KKR)

बाएं हाथ का यह खिलाड़ी जिम्बाब्वे से आता है. साढ़े 6 फुट लंबे इस तेज गेंदबाज को केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर अपने साथ जोड़ा है. हाल में खत्म हुए टी20 विश्व कप 2026 में मुजरबानी ने 13 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था.
7 – जैकब डफी (RCB)

इस लिस्ट में सबसे आखिरी नाम डफी का है, जो न्यूजीलैंड के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं. पिछले साल टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले इस गेंदबाज को आरसीबी ने 2 करोड़ रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया है. उन्होंने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय टी20 में 35 विकेट लेकर सबको प्रभावित किया था.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

