IPL 2026 KKR vs SRH Abhishek Sharma fined : 2 अप्रैल की शाम IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें ईशान किशन की कप्तानी वाली SRH टीम ने 65 रनों से बाजी मार ली. KKR 227 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी थी और सिर्फ 16 ओवरों में 161 रनों पर सिमट गई. पहला मैच हारने वाली हैदराबाद टीम को पहली जीत मिली, लेकिन इस जीत से ज्यादा चर्चा अभिषेक शर्मा को लेकर हुए बवाल की है. मुकाबले में अभिषेक ने तूफानी बैटिंग से गर्दा उड़ाया. उन्होंने एक अनोखा शतक पूरा किया, लेकिन फिर एक गलती के लिए उन पर BCCI का हंटर चल गया.

यहां हम जानेंगे कि आखिर अभिषेक ने मैच में क्या किया? कौन सा अनोखा शतक बनाया, और फिर BCCI ने क्यों उन पर एक्शन लिया?
अभिषेक ने बल्ले से मचाया कोहराम
IPL 2026 के छठे मैच में अभिषेक शर्मा ने कोलकाता के ईडन गार्डन्स में अपनी बल्लेबाजी से कोहराम मचाया. उन्होंने KKR के खिलाफ सिर्फ 21 बॉल पर 48 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और इतने ही छक्के शामिल थे. 4 छक्कों के दम पर उन्होंने हैदराबाद की ओर से खेलते हुए अपने 100 छक्के पूरे कर एक ‘अनोखा रिकॉर्ड’ अपने नाम किया. वह अब दिग्गज डेविड वॉर्नर के क्लब में शामिल हो गए हैं. वॉर्नर ने इस टीम के लिए कुल 143 छक्के लगाए हैं, अभिषेक उनके बाद नंबर 2 पर आ चुके हैं, जिनके नाम 101 सिक्स हो चुके हैं.
SRH की तरफ से IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
डेविड वॉर्नर – 143 छक्के
अभिषेक शर्मा – 101 छक्के
हेनरिक क्लासेन – 90 छक्के
केन विलियमसन – 64 छक्के
ट्रैविस हेड – 50 छक्के
BCCI ने एक गलती की दी सजा
मुकाबले में अभिषेक अपनी फिफ्टी पूरी करते, इससे पहले ही उन्हें ब्लेसिंग मुजारबानी ने 48 रनों पर कैच आउट कर दिया. ट्रेविस हेड के साथ मिलकर उन्होंने पहले विकेट के लिए 5.4 ओवरों में 82 रन जोड़े थे. आउट होने के बाद उनकी एक ‘गलती’ ने BCCI को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया. टीम की जीत के जश्न के बाद बोर्ड ने अभिषेक के खिलाफ ऐसा एक्शन लिया कि हर कोई हैरान रह गया.
कैच आउट पर मचा बवाल?
दरअसल, अभिषेक की बल्लेबाजी जितनी शानदार थी, उनका आउट होना उतना ही विवादास्पद रहा. मुजारबानी की गेंद पर वरुण चक्रवर्ती द्वारा पकड़े गए उनके कैच पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई कि कैच सही था या नहीं. थर्ड अंपायर ने उस कैच को हर एंगल से चेक किया और आउट दे दिया. आउट होकर मैदान से बाहर जाते समय अभिषेक ने कुछ ऐसी टिप्पणी या इशारा किया, जो नियमों के खिलाफ था. इसलिए उन पर एक्शन लिया गया.
IPL की ओर से जारी बयान के मुताबिक, अभिषेक शर्मा ने आर्टिकल 2.3 के तहत ‘लेवल 1’ का अपराध स्वीकार किया है. अनुशासन तोड़ने के लिए उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है, साथ ही उनके खाते में 1 डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है. वह आर्टिकल 2.3 के तहत लेवल 1 अपराध के दोषी पाए गए हैं. यह वही नियम है, जो मैदान पर ‘अभद्र भाषा’ का उपयोग करने या ‘अपमानजनक इशारे’ करने से संबंधित होता है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

