IPL 2026, MI vs KKR : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का आज दूसरा मैच मुंबई इंडियंस (MI) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेला जाएगा। इस मैच का टॉस मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने जीत लिया है। उन्होंने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। यह हाईवोल्टेज मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। पहले दिन के हाईस्कोरिंग मुकाबले के बाद एमआई और केकेआर के बीच रोमांचक मैच होने की उम्मीद की जा रही है।

वानखेड़े स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है, क्योंकि यहां की पिच उन्हें खूब रास आती है। अन्य स्टेडियमों की तुलना में यहां की बाउंड्री भी थोड़ी छोटी है, जिससे रन बनाना आसान हो जाता है। गेंदबाजों के नजरिये से देखें तो पिच स्पिनरों को सीमित रूप से मदद देती है, लेकिन उनसे ज्यादा प्रभाव की उम्मीद करना ठीक नहीं होगा। वहीं तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में कुछ सहायता मिलती है और वे नई गेंद से जल्दी विकेट निकालने की कोशिश करेंगे।

मुंबई इंडियंस, जो 5 बार की चैंपियन रह चुकी है, इस सीजन खिताबी सूखे को खत्म करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में MI पिछले सीजन प्लेऑफ तक पहुंची थी, लेकिन पंजाब के खिलाफ हारकर बाहर हो गई थी। मुंबई ने आखिरी बार 2020 में आईपीएल ट्रॉफी जीती थी और तब से वह खिताब से दूर है। पांड्या के स्क्वाड में रोहित शर्मा, क्विंटन डिकॉक, सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह जैसे बड़े खिलाड़ी शामिल हैं।

वहीं दूसरी ओर 2024 की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) इस सीजन चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही है। टीम की नजर एक संतुलित और मजबूत प्लेइंग इलेवन तैयार करने पर है ताकि टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की जा सके।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

मुंबई इंडियंस (MI)

रोहित शर्मा, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, शार्दुल ठाकुर, मयंक मारकंडे, एएम गजनफर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रित बुमराह

इम्पैक्ट प्लेयर :  सूर्यकुमार यादव, कॉर्बिन बॉश, रॉबिन मिंज, राज बावा, अश्विनी कुमार

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)

फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजरबानी

इम्पैक्ट प्लेयर : मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, कार्तिक त्यागी, सौरभ दुबे, तेजस्वी दहिया