Most runs in IPL History without a duck: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का मंच तैयार है. 28 मार्च को ओपनिंग मुकाबला होगा. इससे पहले हम आपके लिए उस खिलाड़ी के बारे में बता रहे हैं, जो इस लीग के इतिहास में अपने डेब्यू के बाद से कभी जीरो पर आउट नहीं हुआ. पिछले 4 सीजन में वह 40 मैच खेलकर 1793 रन बना चुका है, लेकिन एक भी ऐसा मौका नहीं आया जब वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटा हो. इसे ही क्रिकेट की भाषा में कंसिस्टेंसी कहते हैं.

खास बात ये है कि इस खिलाड़ी ने बिना जीरो पर आउट हुए रनों की बारिश की, शतक लगाए और ऑरेंज कैप अवॉर्ड भी जीता. ये वही अवॉर्ड है, जो हर सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है. अब सवाल ये है कि आखिर ये खिलाड़ी है कौन, जिसकी यहां इतनी तारीफ हो रही है?

ये कोई और नहीं बल्कि गुजरात टाइटंस के युवा सनसनी साई सुदर्शन हैं, जिन्होंने आईपीएल के इतिहास में अपनी निरंतरता (Consistency) से एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जिसे बड़े-बड़े दिग्गज भी नहीं छू सके हैं.

40 मैचों में एक भी बार डक नहीं हुए सुदर्शन

टी20 क्रिकेट फटाफट होता है. बल्लेबाज हर गेंद पर जोखिम लेता है, लेकिन 24 साल के सुदर्शन जरा हटकर हैं. वह बिना जोखिम भरे शॉट खेले भी खूब रन बटोरते हैं. बाएं हाथ के बल्लेबाज ने पिछले 4 सीजन और 40 मैचों में एक बार भी ‘डक’ (शून्य) का स्वाद नहीं चखा है. यह अपने आप में अनोखा रिकॉर्ड है, जो उन्हें इस लीग का सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बनाता है. सुदर्शन अपनी तकनीक और धैर्य के लिए पहचाने जाते हैं.

आईपीएल 2025 में किया था कमाल

आईपीएल 2025 का सीजन उनके लिए यादगार था. इस खिलाड़ी ने 759 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी. वह पहले सीजन से गुजरात टीम का हिस्सा हैं. 2022 से लेकर 2025 तक वह 4 सीजन में 49.81 की शानदार औसत से 1793 रन बना चुके हैं. उनका स्ट्राइक रेट 145.89 का रहा है. उनके बल्ले से 2 शतक और 12 फिफ्टी निकली हैं. वह जीटी टीम के स्टार बैटर हैं.

कौन हैं साईं सुदर्शन?

साईं सुदर्शन बाएं हाथ के ओपनर हैं, जो घरेलू क्रिकेट में तमिलनाडु के लिए खेलते हैं. वह टीम इंडिया के लिए तीनों फॉर्मेट में डेब्यू कर चुके हैं. 6 टेस्ट में उनके नाम 302 रन दर्ज हैं, जबकि 3 वनडे में 127 रन बनाए हैं. एकमात्र टी20 मैच भी खेला है.फर्स्ट क्लास के 39 मैचों में 8 शतक और 9 फिफ्टी के दम पर 38.67 की औसत से 2591 रन बनाए हैं. उन्हें भविष्य का स्टार खिलाड़ी माना जा रहा है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H