IPL 2026 Opening Match: आईपीएल 2026 के आगाज में अब 16 दिनों का वक्त बाकी है. 28 मार्च से नए सीजन का आगाज होगा. पहले 20 मैचों का शेड्यूल भी रिलीज कर दिया गया है. 10 टीमों के बीच होने वाली इस जंग में कौन बाजी मारेगा, ये तो फाइनल का रिजल्ट ही तय करेगा, लेकिन इतना तय है कि इस बार ये जंग रोमांचक होगी, क्योंकि लगभग सभी टीमें कागजों पर मजबूत हैं. जो टीम मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करेगी वही खिताब जीतेगी. नए सीजन का पहला मुकाबला 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा, जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीमें आमने-सामने होंगी.

यह मुकाबला फैंस के लिए रोमांच से भरपूर हो सकता है, क्योंकि दोनों टीमों में दिग्गजों की भरमार है. पहले ही मुकाबले में चौकों और छक्कों की बारिश होना तय माना जा रहा है. यहां हम आपके लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 की डिटेल लेकर आए हैं.

RCB vs SRH हेड टू हेड रिकॉर्ड

आईपीएल के इतिहास में आरसीबी और एसआरएच के बीच अब तक 25 मैच हुए हैं, जिनमें से हैदराबाद ने 13 जबकि आरसीबी ने 11 मैच जीते हैं. एक मुकाबला टाई रहा. इस बार आरसीबी जहां चैंपियन कप्तान रजत पाटीदार की कप्तानी में उतरेगी, तो वहीं हैदराबाद को पैट कमिंस लीड करेंगे.

रजत पाटीदार की कप्तानी और कोहली का अनुभव

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु डिफेंडिंग चैंपियन है. उसने आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स को मात देकर खिताब जीता था. 18 साल के इतिहास में उसका ये पहला खिताब था. अब एक बार फिर टीम रजत पाटीदार के नेतृत्व में मैदान पर उतरेगी. टीम की सबसे बड़ी ताकत विराट कोहली और फिल सॉल्ट की ओपनिंग जोड़ी है, जिसने पिछले सीजन कमाल का प्रदर्शन किया था. आरसीबी के लिए मिडिल ऑर्डर में कप्तान पाटीदार के साथ टिम डेविड और जितेश शर्मा जैसे फिनिशर्स टीम को मजबूती देंगे. वहीं गेंदबाजी में अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और जॉश हेजलवुड की जोड़ी नई गेंद से कहर बरपाने के लिए तैयार है.

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की संभावित प्लेइंग 11 (RCB Probable Playing 11)

विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), क्रुणाल पंड्या, वेंकटेश अय्यर, जॉश हेजलवुड, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी.

इम्पैक्ट प्लेयर- यश दयाल / सुयश शर्मा.

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम भी कम नहीं है. इस टीम का बैटिंग लाइनअप सबसे खतरनाक माना जा रहा है, क्योंकि एसआरएच के पास दो खतरनाक ओपनर अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड हैं, जो पहली गेंद से छक्कों की बारिश करते हैं. अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड की जोड़ी ने पिछले सीजन में जो कोहराम मचाया था, उसे फैंस भूले नहीं हैं. अब एक बार फिर यह जोड़ी विरोधी टीम की गेंदबाजी लाइनअप की धज्जियां उड़ाती दिख सकती है. इस बार मिडिल ऑर्डर में ईशान किशन और लियाम लिविंगस्टोन रहने वाले हैं, जो स्पिनर्स के खिलाफ छक्कों की बारिश करते हैं. हालांकि टीम के लिए कप्तान पैट कमिंस की फिटनेस थोड़ी चिंता का विषय है, क्योंकि वह चोट के कारण टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर रहे थे. ये टीम उम्मीद करेगी कि कमिंस आईपीएल 2026 तक पूरी तरह फिट हो जाएं.

सनराइजर्स हैदराबाद की संभावित प्लेइंग 11 (Sunrisers Hyderabad Probable Playing 11)

अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, हर्ष दुबे, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट.

इम्पैक्ट प्लेयर- जीशान अंसारी.

IPL 2026 के लिए सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम

पैट कमिंस (कप्तान), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, ट्रैविस हेड, हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, स्मरण रविचंद्रन, सलिल अरोड़ा, हर्षल पटेल, कामिंदु मेंडिस, हर्ष दुबे, ब्रायडन कार्स, शिवांग कुमार, क्रेनिस फुलेट्रा, लियाम लिविंगस्टोन, जैक एडवर्ड्स, नीतीश कुमार रेड्डी, जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट, इशान मलिंगा, साकिब हुसैन, ओंकार तरमाले, अमित कुमार, प्रफुल हिंगे, शिवम मावी.

IPL 2026 के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पूरी टीम

विराट कोहली, रजत पाटीदार, फिल सॉल्ट, जॉश हेजलवुड, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, रोमारियो शेफर्ड, टिम डेविड, देवदत्त पडिक्कल, जैकब बैथेल, स्वप्निल सिंह, रसिख सलाम, यश दयाल, नुवान तुषारा, अभिनंदन सिंह, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, मंगेश यादव, सात्विक देसवाल, जॉर्डन कॉक्स, कनिष्क चौहान, विहान मल्होत्रा, विकी ओस्तवाल.