Who is Farmer Son Ashok Sharma IPL Debut for Gujarat Titans: इंडियन प्रीमियर लीग वो मंच है, जो युवा खिलाड़ियों के सपने पूरे करता है. इस मंच पर 31 मार्च 2025 को एक और युवा खिलाड़ी का सपना सच हुआ है. गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच खेले जा रहे 19वें सीजन के चौथे मुकाबले में अशोक शर्मा नाम के तेज गेंदबाज ने डेब्यू किया है. कप्तान शुभमन गिल ने उन्हें पहला मौका दिया है. गुजरात टाइटंस के लिए डेब्यू करने वाला ये गेंदबाज राजस्थान से आता है और हाल में घरेलू क्रिकेट में तबाही मचाकर आ रहा है.

अशोक का सफर आसान नहीं रहा है. उन्हें यहां तक पहुंचाने में पिता और भाई ने बड़ा त्याग किया. किसान परिवार से निकले अशोक के पास 150 प्लस की रफ्तार से बॉलिंग करने की जबरदस्त क्षमता है. आइए जानते हैं अशोक के बारे में वो सबकुछ, जो आपको जानना चाहिए.

पिछले सीजन नहीं मिला था प्लेइंग 11 में मौका


ये वही अशोक हैं, जिन्हें आईपीएल 2025 यानी पिछले सीजन राजस्थान रॉयल्स ने 30 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन एक भी मौका नहीं दिया और रिलीज कर दिया. इसके बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में कमाल की बॉलिंग की और हाल में हुए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कातिलाना गेंदबाजी से सभी का दिल जीता. जिसके बाद मिनी ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने उन्हें 90 लाख रुपये में खरीदा था. उनकी सैलरी में 200 प्रतिशत का इजाफा हुआ था, जो 30 लाख से बढ़कर सीधे 90 लाख हुई.

8 मैचों में किए थे 20 शिकार

23 साल के अशोक शर्मा ने 2025 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 10 मैचों में कुल 22 शिकार किए थे. 16 रन देकर 4 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन था. उन्होंने लगातार 140 किमी/घंटे से ऊपर की रफ्तार से बॉलिंग की थी. फैंस का यह भी मानना है कि यह खिलाड़ी जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज उमरान मलिक से भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकता है.

अशोक शर्मा की खासियत क्या है?

अशोक शर्मा राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. वो एक उभरते हुए तेज गेंदबाज हैं. उनके पास 150 किमी/घंटा की तूफानी रफ्तार से बॉलिंग करने की क्षमता है. यही वजह है कि उन्हें राजस्थान का ‘रफ्तार सिंह’ भी कहा जाता है. उनके पास गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की क्षमता है, जो हर किसी बॉलर में नहीं होती है.

पिता हैं किसान, बड़े भाई ने किया त्याग

अशोक शर्मा ने कड़ी मेहनत के दम पर यहां तक का सफर तय किया है. वो एक साधारण किसान परिवार से आते हैं. उनके पिता नाथूलाल शर्मा एक साधारण किसान हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं थी कि दो बेटों का क्रिकेट करियर एक साथ संभाल सके, इसलिए किसी एक ही लड़के को आगे बढ़ाया जा सकता था.

ऐसे में बड़े भाई अक्षय शर्मा ने अशोक के हुनर को देखते हुए खुद खेलना छोड़ दिया, ताकि छोटा भाई अपने सपनों को पूरा कर सके. अक्षय जिला स्तर पर खेल चुके थे और उनके पास भी क्रिकेटर बनने के पूरे गुण थे, लेकिन उन्होंने छोटे भाई के लिए त्याग किया. अशोक आईपीएल डेब्यू से पहले राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए नेट बॉलर रह चुके हैं.