RCB Captain Rajat Patidar Love Story: इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की धूम है. पिछले सीजन खिताब जीतने वाली आरसीबी लगातार दूसरी बार ट्रॉफी उठाने की फिराक में है. आरसीबी ने रजत पाटीदार की कप्तानी में 18 साल के खिताब का सूखा खत्म किया था. वो इस टीम के लिए लकी साबित हुए थे, लेकिन क्या आप जानते हैं कि रजत पाटीदार के लिए कौन लकी रहा? जिसने मिलने के बाद खिलाड़ी की किस्मत चमक गई. रजत का करियर ना सिर्फ पटरी पर आया बल्कि वो आज एक सुपरस्टार बन चुके हैं और आरसीबी के कप्तान हैं.

वो कहते हैं ना कि क्रिकेट में मेहनत के साथ-साथ सही समय पर किस्मत का साथ मिलना भी जरूरी है. रजत पाटीदार इसका सबसे बढ़िया उदाहरण हैं. एक वक्त ऐसा था जब रजत को आईपीएल में किसी टीम ने खरीदा तक नहीं था, लेकिन आज वह उसी टीम की कमान संभाल रहे हैं, जिसे कभी विराट कोहली जैसे दिग्गज ने लीड किया था. आज कोहली रजत के अंडर खेल रहे हैं. इस सफर के पीछे उनकी मेहनत के साथ उनके लेडी लक यानी पत्नी का बड़ा हाथ है. जी हां, रजत पाटीदार की जिंदगी ने शादी के बाद ही पलटी मारी है.
2022 में बदली जिंदगी
दरअसल, बात साल 2022 की है, जिसकी शुरुआत रजत के लिए किसी बुरे सपने जैसी थी, क्योंकि आईपीएल के मेगा ऑक्शन में वे ‘अनसोल्ड’ रहे थे. नीलामी में अनसोल्ड रहने के बाद उनके करियर पर सवालिया निशान लगा था तो परिवार ने उनकी शादी करने का फैसला किया. मध्य प्रदेश के रतलाम की रहने वाली गुंजन के साथ उनकी सगाई हुई और 9 मई 2022 को शादी की तारीख तय थी. शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. होटल बुक था और मेहमानों को कार्ड भी भेजे जा चुके थे.
गुंजन और उनके परिवार ने दिया साथ
शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, लेकिन 9 मई की तारीख आती उससे पहले ही रजत की किस्मत ने पलटी मारी, क्योंकि आरसीबी के एक खिलाड़ी लवनीथ सिसोदिया चोटिल हुए और टीम को रिप्लेसमेंट की जरूरत पड़ी. रजत को बुलावा आ गया. ऐसे में सवाल ये था कि शादी करें या आईपीएल खेलने जाएं. मतलब करियर का आखिरी मौका था. ये वही पल था जब गुंजन और उनके परिवार ने रजत का पूरा साथ दिया. आईपीएल के लिए रजत ने अपनी शादी टाल दी और सीधे आरसीबी कैंप पहुंच गए. इसके बाद जो हुआ, वो इतिहास बन गया.
शतक लगाकर हीरो बने थे रजत पाटीदार
उस सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में रजत ने नाबाद 112 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर पूरी दुनिया को अपना मुरीद बना लिया. वो आरसीबी के मजबूत हथियार बन गए. सीजन खत्म हुआ और रजत का नाम हो गया था. उन्होंने 8 मैचों में 55.50 की औसत से कुल 333 रन किए थे, जिसमें 27 चौके और 18 छक्के शामिल थे. उस सीजन रजत का हाई स्कोर नाबाद 112 रन था. 2023 का सीजन वो चोट के चलते नहीं खेल पाए. 2024 में उन्होंने वापसी की और 15 मैचों में 30.38 की औसत से कुल 395 रन किए, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल थे.
2025 में कप्तान बने और जिताई ट्रॉफी
फिर वो साल आया जिसका हर किसी को इंतजार था. ये साल था आईपीएल 2025 का. आरसीबी ने रजत पाटीदार को कप्तान बना दिया. बतौर कप्तान अपने पहले ही सीजन में उन्होंने आरसीबी के लिए पहला खिताब जिता दिया. इस सीजन बल्ले से उन्होंने 15 मैचों में 312 रन किए, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल थे. मतलब कुल मिलाकर वो टीम के लिए लकी साबित हुए. अब क्रिकेट फैंस का ये मानना है कि गुंजन के रजत की जिंदगी में आने के बाद उनके करियर का ग्राफ सिर्फ ऊपर ही गया. मार्च 2026 में इस कपल के घर एक बेटे का जन्म हुआ है.
कैसा है रजत पाटीदार का आईपीएल और घरेलू क्रिकेट करियर?
अगर हम रजत पाटीदार के आईपीएल करियर की बात करें तो वो अब तक 43 मैचों में 30.86 की औसत से कुल 1142 रन बना चुके हैं, जिनमें 9 अर्धशतक जबकि एक शतक शामिल है. वो अब तक 71 छक्के और 78 चौके मार चुके हैं.
घरेलू क्रिकेट में वो मध्य प्रदेश के कप्तान हैं. फर्स्ट क्लास के 77 मैचों में वो 44.07 की औसत से कुल 5509 रन बना चुके हैं, जिनमें 16 शतक और 27 फिफ्टी शामिल हैं. लिस्ट A के 67 मैचों में 4 शतक और 13 फिफ्टी के साथ 2278 रन दर्ज हैं. टी20 के 99 मैचों में 2919 रन कर चुके हैं, जिनमें 1 शतक और 26 फिफ्टी शामिल हैं.
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

