IPL 2026 के आगाज से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने स्टेडियम और सुरक्षा को लेकर कई अहम फैसले किए हैं। फ्रेंचाइजी ने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें हमेशा खाली रखने का निर्णय लिया है। यह कदम पिछले साल 4 जून 2025 को RCB की पहली IPL खिताबी जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत के सम्मान में उठाया गया है। स्टेडियम के एक प्रमुख स्टैंड की ये 11 सीटें अब कभी किसी के लिए नहीं होंगी और IPL सहित सभी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू मैचों में हमेशा खाली रहेंगी।

बता दें कि RCB ने इस सीजन से पहले एक और महत्वपूर्ण फैसला किया है। भगदड़ में जान गंवाने वालों को सम्मान देने के लिए स्टेडियम के एंट्री गेट के पास स्मारक बनाया जाएगा। 28 मार्च को IPL 2026 के ओपनिंग मैच से पहले इसका अनावरण किया जाएगा। मैच के दिन 11 पीड़ितों के नाम बड़ी स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे और एक मिनट का मौन रखा जाएगा।
प्रैक्टिस सेशन में RCB के खिलाड़ी पहनेंगे 11 नंबर की जर्सी
RCB के खिलाड़ी इस सीजन में प्रैक्टिस सेशन के दौरान जर्सी नंबर 11 पहनकर इन पीड़ितों को श्रद्धांजलि देंगे। फ्रेंचाइजी के CEO राजेश मेनन ने बताया कि कर्नाटक सरकार, पुलिस और प्रशासन के सहयोग से सभी मैचों के लिए सख्त SOP लागू किए गए हैं।
RCB और SRH के बीच खेला जाएगा ओपनिंग मैच
IPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी 28 मार्च को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगी। सीजन का पहला मुकाबला RCB बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) खेला जाएगा। इस मैच में RCB की कप्तानी रजत पाटीदार करेंगे, जबकि SRH की टीम ईशान किशन के नेतृत्व में उतरेगी। नियमित कप्तान पैट कमिंस शुरुआती कुछ मैचों में उपलब्ध नहीं होंगे।
RCB के इस निर्णय और स्मारक के कदम की क्रिकेट प्रेमियों और स्थानीय जनता ने सराहना की है। यह पहल न केवल पीड़ितों की याद को सम्मान देती है, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा और नियमों की अहमियत भी याद दिलाती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

