IPL 2026: आईपीएल 2026 से एक चैंपियन गेंदबाज भले ही पूरी तरह बाहर हो चुका है, लेकिन उसे 5 करोड़ रुपए मिलेंगे. यह पैसा उसे आरसीबी (RCB) की टीम देगी, क्योंकि उसे टीम ने कॉन्ट्रैक्ट से बाहर नहीं किया है.

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की तैयारी पूरी हो चुकी है. 28 मार्च से नए सीजन का आगाज होने वाला है. डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी लगातार दूसरा खिताब जीतने के लिए मैदान में उतरेगी, लेकिन इस बार टीम का वह स्टार बॉलर नहीं खेलेगा, जिसने पिछले सीजन इस टीम को खिताब दिलाने के लिए पूरी ताकत लगाई थी. यह वही खिलाड़ी है, जिससे इस बार आरसीबी ने मुंह मोड़ लिया था. यह कोई और नहीं बल्कि यश दयाल हैं, जिन्हें नहीं खेलने के बाद भी 5 करोड़ रुपए मिलेंगे. अब सवाल यह है कि आखिर वह क्यों नहीं खेल रहे और क्यों उन्हें पैसा मिलेगा? आइए डिटेल में जानते हैं.

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल इसलिए आईपीएल 2026 में नहीं दिखेंगे, क्योंकि वह अपनी पर्सनल जिंदगी में एक बड़ी समस्या से जूझ रहे हैं. हालांकि आरसीबी ने उन्हें बाहर नहीं किया, लेकिन उन्होंने इस सीजन से खुद दूरी बना ली है. यश दयाल को लेकर खुद RCB के डायरेक्टर मो बोबाट ने बड़ी जानकारी दी है. उनके अनुसार, यश दयाल को ना तो RCB से निकाला गया है और ना ही उनका कॉन्ट्रैक्ट फ्रेंचाइजी के साथ खत्म किया गया है. बोबाट ने बताया कि दयाल अपनी निजी वजहों से IPL 2026 से बाहर हैं. वह इस सीजन में RCB से नहीं जुड़ेंगे.

यश दयाल आईपीएल 2026 में क्यों नहीं दिखेंगे?

दरअसल, यश दयाल पर रेप के 2 केस दर्ज हैं. इन मामलों को लेकर वह पिछले कई महीनों से सुर्खियों में रहे हैं और उनकी पर्सनल लाइफ में भूचाल आया हुआ है. हाल ही में यश ने गुपचुप तरीके से शादी भी कर ली थी. रेप केस के आरोपों के चलते उनका आईपीएल करियर अब अंधेरे में दिख रहा है. आरसीबी ने उनका कॉन्ट्रैक्ट नहीं तोड़ा है, इसलिए उन्हें बिना खेले ही इस बार के 5 करोड़ रुपए मिलेंगे, जो एक बड़ी रकम है. इस पूरे मामले में यश दयाल की तरफ से अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है.

RCB को पहला खिताब दिलाने में लगा दी थी जी जान

यह वही बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल हैं, जिनके खिलाफ रिंकू सिंह ने 5 गेंदों पर लगातार 5 छक्के मारे थे. दयाल IPL 2024 में RCB से जुड़े थे. वह पिछले 2 सीजन आरसीबी के लिए कमाल के बॉलर रहे हैं. आईपीएल 2024 के 14 मैचों में 15 विकेट, जबकि 2025 के सीजन में 13 शिकार किए थे. आरसीबी को पहला खिताब दिलाने में यश ने जी जान लगा दी थी. पंजाब किंग्स के खिलाफ फाइनल में भी उन्होंने महज 18 रन देकर 1 विकेट निकाला था. आईपीएल 2026 के लिए आरसीबी ने यश के विकल्प के तौर पर मध्य प्रदेश के तेज गेंदबाज मंगेश यादव को नीलामी में अपने साथ जोड़ा था, जबकि यश को 19वें सीजन के लिए 5 करोड़ में रिटेन किया था.

यश दयाल का IPL करियर कैसा है?

यूपी के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले यश दयाल 2022 से आईपीएल का हिस्सा हैं. उन्होंने हार्दिक पांड्या की कप्तानी में गुजरात टाइटंस के लिए डेब्यू किया था. पहले दो सीजन उन्होंने गुजरात के लिए खेले, जिसमें 14 मैचों में 13 विकेट निकाले. वह अब तक 43 मैच खेलकर 41 विकेट ले चुके हैं.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H