IPL 2026: आईपीएल 2026 के रोमांचक मुकाबलों के बीच अब अनुशासन को लेकर भी सख्ती देखने को मिल रही है। मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेले गए मैच के बाद नियमों के उल्लंघन पर खिलाड़ियों पर कार्रवाई की गई है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार ऑलराउंडर टिम डेविड पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही उन्हें एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया गया है। यह कार्रवाई आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 उल्लंघन के तहत की गई है।

अंपायर के निर्देशों की अनदेखी पड़ी भारी

टिम डेविड पर आरोप है कि उन्होंने मैच के दौरान अंपायर के निर्देशों का पालन नहीं किया। पहली घटना 18वें ओवर में सामने आई, जब अंपायर ने गेंद बदलने का फैसला किया, लेकिन डेविड ने गेंद को तुरंत वापस नहीं किया।

इसके बाद 20वें ओवर में भी उन्होंने गेंद देने में देरी की, जिसे अंपायर के निर्देशों की अनदेखी माना गया। डेविड ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को मान लिया है।

हार्दिक पांड्या पर स्लो ओवर रेट का जुर्माना

वहीं, मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पर स्लो ओवर रेट के चलते 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह इस सीजन में उनकी टीम की पहली गलती थी।

RCB की शानदार जीत, MI की लगातार तीसरी हार

गौरतलब है कि 12 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने मुंबई इंडियंस को 18 रनों से हराकर सीजन की तीसरी जीत दर्ज की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 240 रन बनाए। टीम की ओर से फिलिप सॉल्ट ने 36 गेंदों में 78 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। वहीं, विराट कोहली ने अर्धशतक जड़ा, जबकि कप्तान रजत पाटीदार ने 53 रनों का योगदान दिया।

जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 222 रन ही बना सकी और उसे लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा।

आईपीएल 2026 में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच अब साफ है कि बोर्ड अनुशासन के मामलों में कोई ढिलाई नहीं बरत रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वाले खिलाड़ियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H