Budget Session Second Phase: संसद के बजट सत्र का दूसरा फेज आज से शुरू हो गया है। पहले दिन विदेश मंत्री एस जयशंकर (S Jaishankar) ने ईरान संकट (Iran crisis) और मिडिल ईस्ट से भारतीयों को निकालने की जानकारी दी। हालांकि ईरान पर संसद में विपक्ष ने जमकर संग्राम मचाया। विपक्ष जंग के बाद पश्चिम एशिया में बने हालात पर चर्चा की मांग को लेकर लोकसभा में जमकर हंगामा किया। वहीं दूसरी तरफ राज्यसभा से वॉकआउट किया। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पहले राज्यसभा में और फिर लोकसभा में गल्फ देशों से भारतीयों की वापसी और एनर्जी संकट को लेकर तैयारियों के बारे में बताया।

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि हमारी सरकार ने 20 फरवरी को बयान जारी कर गहरी चिंता जताई थी और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की थी। हमारा मानना ​​है कि तनाव कम करने के लिए बातचीत और कूटनीति को आगे बढ़ाना चाहिए।

एस जयशंकर ने आज सोमवार को राज्यसभा में कहा कि मध्य पूर्व में जारी युद्ध में मारे गए लोगों को लेकर दुख है। उन्होंने खाड़ी संकट को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। भारत क्षेत्र में शांति का पक्षधर है. पीएम मोदी ने खाड़ी के कई देशों से खुद बातचीत की है। हमने ईरानी विदेश मंत्री से बात की। उन्होंने यह भी कहा कि इस इलाके में भारतीय समुदाय की भलाई और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता बनी हुई है।

राज्यसभा में पश्चिम एशिया के हालात पर विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि यहां चल रहा संघर्ष भारत के लिए बेहद चिंता का विषय है। हम पड़ोसी इलाके में आते हैं, और पश्चिम एशिया में स्थिरता बनाए रखना हमारी साफ जिम्मेदारी है। खाड़ी देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं और वहां काम करते हैं। ईरान में भी, कुछ हजार भारतीय पढ़ाई या फिर नौकरी के लिए हैं.” उन्होंने कहा- यह इलाका हमारी एनर्जी सिक्योरिटी के लिए बहुत जरूरी है और इसमें तेल तथा गैस के कई जरूरी सप्लायर शामिल है। सप्लाई चेन में गंभीर रुकावटें और अस्थिरता का माहौल हमारे लिए गंभीर मुद्दे हैं।

पश्चिम एशिया के हालात चिंताजनकः जयशंकर

उन्होंने आगे कहा, “संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है, और इलाके में सुरक्षा की स्थिति काफी खराब हो गई है। यह संघर्ष दूसरे देशों में भी फैल गया है और तबाही भी बढ़ रही है। इस जंग की वजह से आम जिंदगी और काम-काज पर साफ असर पड़ रहा है। विदेश मंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया के हालात हम सभी के लिए चिंता का विषय है। मध्य पूर्व में जंग के हालात और ईरान में फंसे भारतीयों को लेकर विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा, “भारतीय दूतावास ने तेहरान में कई भारतीय छात्रों को सुरक्षित बाहर की जगहों पर शिफ्ट करने में मदद की है। ईरान में बिजनेस के सिलसिले में आए भारतीय नागरिकों को आर्मेनिया पार करके भारत लौटने में मदद की गई। उन्होंने यह भी बताया कि तेहरान में हमारा दूतावास पूरी तरह चालू है और हाई अलर्ट पर है। हम इस समय भारतीय समुदाय की मदद के लिए प्रतिबद्ध है।

ओम बिरला को हटाने की मांग वाले विपक्ष के प्रस्ताव पर चर्चा पर हंगामा

उधर, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को हटाने की मांग वाले विपक्ष के प्रस्ताव पर चर्चा पर हंगामा हुआ। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, हम चर्चा को तैयार हैं। आप चर्चा कीजिए।

विपक्ष ने संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया, सरकार के खिलाफ नारे लगाए

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे सहित विपक्षी सांसदों ने पश्चिम एशिया संघर्ष के मुद्दे पर संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया। लोकसभा में पीठासीन जगदंबिका पाल ने विपक्ष से कहा कि आप लोग शांति बनाएं रखें। हंगामा नहीं करें। ईरान जंग पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सदन को जानकारी देनी शुरू कर दी। इस दौरान विपक्ष का जमकर हंगामा जारी है। विपक्ष के सांसदों ने We Want Discussion के नारे लगाए।

किरेन रिजिजू बोले- विपक्ष को पता ही नहीं वह क्या चाहता है

लोकसभा में पीठासीन जगदंबिका पाल ने कहा,आप प्ले कार्ड नीचे रखें। विदेश मंत्री गल्फ देशों के हालात पर सदन को संबोधित कर रहे हैं। वे वहां मौजूद भारतीयों की स्थिति के बारे में बता रहे हैं। उन्होंने सारी बातों का जवाब दिया है। इस बीच किरेन रिजिजू ने कहा- विपक्ष को पता ही नहीं वो क्या करना चाहते हैं। वे कंफ्यूज है। पहले विपक्ष ने लोकसभा स्पीकर के खिलाफ नोटिस दिया, लेकिन अब ये दूसरा नोटिस दे रहे हैं, दूसरा मोशन लाने का क्या मतलब है। विपक्ष जो आवाज उठा रहा है, विदेश मंत्री उस पर इतने अच्छे से जबाव दे रहे हैं। मैंने आजतक इतना गैर जिम्मेदाराना विपक्ष नहीं देखा है। आप लोग एक पार्टी, एक आदमी, एक पार्टी से बाहर आना नहीं चाहते हैं क्या?

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m