Iran Attack On Qatar Ras Laffan Gas Plant: अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध अब ऑयल और गैस वॉर (Oil and Gas War) बन गया है। यूएस-इजरायल ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों ताबड़तोड़ हमला कर रहे हैं। इसके जवाब में ईरान खाड़ी देशों के ऑयल और गैस ठिकानों पर हमले कर रहा है। ईरान ने बुधवार रात को कतर के सबसे बड़े गैस प्लांट ‘रास लफान गैस प्लांट’ (Ras Laffan) पर मिसाइल हमला किया। हमले के बाद वहां आग लग गई और काफी नुकसान हुआ, जिसे काबू करने के लिए तुरंत इमरजेंसी टीमें भेजी गईं।
कतर ने इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। कतर के विदेश मंत्रालय का कहना है कि ईरान ने “रेड लाइन पार कर दी है” क्योंकि उसने आम लोगों और जरूरी जगहों को निशाना बनाया। कतर ने कहा कि ऐसे हमले से पूरे इलाके में हालात बिगड़ सकते हैं, इसलिए सभी देशों को मिलकर तनाव कम करना चाहिए और शांति बनाए रखने की कोशिश करनी चाहिए।
‘QatarEnergy’ ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया, “एक मिसाइल ने उसकी विशाल ‘रास लफ़ान’ द्रवीकृत प्राकृतिक गैस (LNG) सुविधा पर हमला किया, जिससे आग लग गई और उसे बुझाने से पहले काफी नुक़सान हुआ। ईरानी हमलों के कारण कंपनी पहले ही वहां प्रोडक्शन रोक चुकी थी।
भारत यहां से देश का 47 फीसदी गैस आयात करता है
क़तर की सबसे अहम गैस सुविधाओं में से एक, रास लफ़ान कॉम्प्लेक्स पर हुए मिसाइल हमले ने पूरे मिडिल ईस्ट और दुनिया के एनर्जी बाज़ारों में हलचल मचा दी है। साथ ही ‘रास लफान’ पर मिसाइल हमले ने भारत की धड़कन बढ़ा दी है। देश की 47 फीसदी गैस भारत यहीं ये आयात करता है। अगर प्लांट से गैस प्रोडक्शन और सप्लाई ठप हो गया तो भारत में गैस की बड़ी दिक्कत हो सकती है।
कतर ने ईरानी दूतावास के कर्मचारियों को निकाला
गैस फील्ड पर हमले के बाद कतर ने ईरानी दूतावास के कर्मचारियों को देश छोड़ने को कह दिया है। कतर के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को घोषणा की कि ईरानी दूतावास में तैनात मिलिट्री और सिक्योरिटी अटैची के साथ ही उनके कर्मचारियों को 24 घंटे के अंदर देश छोड़ने का कहा गया है। ईरानी दूतावास के कर्मचारियों को पर्सोना नान ग्रांटा घोषित कर दिया गया है। मंत्रालय ने बताया कि ईरान ने उस पर 5 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं। कतर ने आरोप लगाया कि ईरान पड़ोसी देशों को निशाना बनाना जारी रखे हुए है, जो क्षेत्रीय सुरक्षा को कमजोर करता है।
एक दिन पहले इज़रायल ने ईरान के साउथ पार्स गैस फ़ील्ड पर हमला किया था
बता दें कि एक दिन पहले इज़रायल ने ईरान के साउथ पार्स गैस फ़ील्ड पर हमला किया था। खाड़ी के नीचे मौजूद यह गैस फ़ील्ड दुनिया का सबसे बड़ा गैस फ़ील्ड है। यह ईरान और क़तर के बीच बंटा हुआ है। ईरान की तरफ़ इसे ‘साउथ पार्स’ और क़तर की तरफ़ इसे ‘नॉर्थ फ़ील्ड’ कहा जाता है। सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, बुधवार को ईरान के खाड़ी तट पर ‘असालुयेह’ के पास स्थित इस गैस क्षेत्र से जुड़ी सुविधाओं में आग लग गई थी। इसके जवाब में ईरान ने क़सम खाई कि वह खाड़ी इलाक़े के अन्य देशों में स्थित ऊर्जा सुविधाओं पर जवाबी हमला करेगा। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने लोगों से सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और कतर के प्रमुख तेल और गैस ठिकानों से दूर रहने को कहा था। अब ईरान ने कतर के सबसे बड़े गैस प्लांट ‘रास लफान’ पर मिसाइल हमला किया है।
ट्रम्प बोले- इजराइल अब ईरान के पार्स गैस फील्ड पर हमला नहीं करेगा
डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि इजराइल अब ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड पर कोई और हमला नहीं करेगा। ट्रम्प ने इजराइल के इस हमले की आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि इजराइल ने गुस्से में आकर ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमला किया, जिसमें सिर्फ एक छोटा हिस्सा को ही नुकसान पहुंचा। उन्होंने ने यह भी कहा कि अमेरिका को इस हमले की पहले से कोई जानकारी नहीं थी। साथ ही कतर का भी इस हमले से कोई लेना-देना नहीं था।
जारी जंग से तेल की कीमतों में वृद्धि
इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत में 5 फीसदी का और इजाफा हो गया और कीमत 108 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से अधिक हो गई है, जिससे गैसोलीन और दूसरे अन्य सामानों की कीमत भी बढ़ गई। तेल के लिए इंटरनेशनल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत अब युद्ध शुरू होने के बाद से करीब 50 फीसदी बढ़ गई है। ईरान के खुफिया मंत्री, इस्माइल खतीब के रात भर चले हमले में मारे जाने के बाद, इजराइल के रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ ने अभी बड़े सरप्राइज़ आने का वादा किया। एक दिन पहले, इजराइल ने ईरान के एक अन्य शीर्ष लीडर यानी टॉप सिक्योरिटी ऑफिसर अली लारीजानी और पैरामिलिट्री रिवोल्यूशनरी गार्ड की बासिज फोर्स के हेड, जनरल गुलाम रेजा सुलेमानी को मार गिराया था।
यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

