ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की स्थिति को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. वे ईरान के सुप्रीम लीडर चुने जाने के बाद से अभी तक सार्वजनिक तौर पर नजर नहीं आए हैं. वे केवल सोशल मीडिया पर लिखित में ही बयान जारी कर रहे हैं. इससे उनके स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. अब सामने आया है कि मोजतबा के चेहरे पर गंभीर चोटें हैं और संभवत: उनका एक या दोनों पैर भी काम नहीं कर रहे हैं. एक अमेरिकी खुफिया सूत्र ने तो ये दावा तक किया है कि हमले में मोजतबा ने अपना एक पैर खो दिया है.
बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ मोजतबा का चेहरा- रिपोर्ट
रॉयटर्स ने मोजतबा के 3 करीबी सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया है कि वे अभी भी उस हवाई हमले में लगी गंभीर चोटों से उबर रहे हैं, जिसमें उनके पिता अली खामेनेई की मृत्यु हो गई थी. सूत्रों के अनुसार, मोजतबा के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उनके एक या दोनों पैरों को भी नुकसान पहुंचा है. बताया जाता है कि हमले में उनका चेहरा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है. बता दें कि, मोजतबा उन्हीं अमेरिकी-इजरायली हमलों में घायल हुए थे, जिनमें उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हुई थी. इस हमले में मोजतबा की बीवी, बहन और भांजी की भी जान चली गई थी.
चोटों के बावजूद मानसिक रूप से स्वस्थ हैं मोजतबा
रिपोर्ट में कहा गया है कि चोटों के बावजूद मोजतबा की मानसिक स्थिति अच्छी बताई जा रही है और वे शासन-प्रशासन के नियमित कामों में सक्रिय रूप से शामिल हैं. 2 सूत्रों ने बताया कि वे ऑडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकों में शामिल हो रहे हैं और युद्ध और अमेरिका के साथ बातचीत सहित अहम मुद्दों पर निर्णय लेने में अपनी भूमिका निभाते रहे हैं.
8 मार्च को बनाया गया था नया सुप्रीम लीडर
अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को 8 मार्च को नया सुप्रीम लीडर बनाया गया था. अहम बात ये है कि तब से अब तक न तो मोजतबा सार्वजनिक तौर पर सामने आए हैं और न उनकी कोई फोटो या वीडियो जारी हुई है. हालांकि, उनके कुछ पत्र सामने आए हैं जिन्हें टीवी चैनलों पर पढ़कर सुनाया जाता रहा है. सूत्रों की मानें तो अगले एक या दो महीनों में मोजतबा खामेनेई की पहली तस्वीरें जारी की जा सकती हैं. वो सार्वजनिक रूप से भी तभी सामने आएंगे जब उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक हो जाएगी और सुरक्षा के लिहाज से कोई खतरा नहीं होगा.
मोजतबा खामेनेई को लेकर मिडिल ईस्ट इंस्टीट्यूट के एक्सपर्ट एलेक्स वतनका का कहना है कि उनके पास अभी अपने पिता जैसा पूर्ण अधिकार नहीं है. फिलहाल ईरान के फैसलों में IRGC सबसे ताकतवर आवाज बनकर उभरी है.
ट्रंप ने कहा था- मोजतबा या तो मर चुके या घायल
28 मार्च को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि मोजतबा या तो मर चुके हैं या उनकी हालत बेहद खराब है. 13 मार्च को अमेरिका के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा था कि मोजतबा घायल हैं और संभवतः उनका चेहरा विकृत हो गया है. वहीं, अमेरिकी खुफिया आकलन से परिचित एक सूत्र ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि खामेनेई का एक पैर कटने की आशंका है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

