जुबैर अंसारी, सुपौल। जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पश्चिम पंचायत अंतर्गत वार्ड-5 में रास्ते को लेकर हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। 28 मार्च को हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल मो. इजरायल की नेपाल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पप्पू यादव ने परिवार को की आर्थिक मदद

घटना के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस बीच पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव सुपौल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आर्थिक सहायता प्रदान की। इस मौके पर सांसद पप्पू यादव ने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

हर बेटी की शादी में आर्थिक मदद का किया वादा

पप्पू यादव ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और न्यायालय पर विश्वास रखने की अपील की। इसके साथ ही पप्पू यादव ने मृतक की बेटियों के विवाह में सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि, वह प्रत्येक बेटी की शादी में 20,000 की आर्थिक मदद की जाएगी।पप्पू यादव के इस कदम की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।

सवाल उठाते रहते हैं पप्पू यादव

गौरतलब है कि पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव अक्सर ऐसे मामलों में पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाने का काम करते हैं और आर्थिक सहायता कर उनकी मदद करते हैं। हालही में उन्होंने नालंदा में महिला के साथ हुए बदसलूकी का मामला लोकसभा में उठाया था। वहीं, नीट छात्रा मौत केस को लेकर भी वह लगातार सरकार पर हमलावर हैं।

ये भी पढ़ें- ‘दहेज में बुलेट नहीं मिली तो मार डाला’, विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप