आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। नगर निगम की जलकर टैक्स वसूली टीम को जान से मारने की धमकी दिए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। बकाया जलकर की वसूली के लिए पहुंचे निगम कर्मचारियों के साथ एक व्यक्ति ने न सिर्फ अभद्र व्यवहार किया, बल्कि गोली मारने की धमकी तक दे डाली। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी खुलेआम धमकी देता नजर आ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की टीम नियमित अभियान के तहत बकाया जलकर की वसूली के लिए संबंधित क्षेत्र में पहुंची थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने आपा खो दिया और कर्मचारियों से तीखी बहस शुरू कर दी। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए गोली मारने की धमकी दी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त ने जगदलपुर पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर आरोपी के खिलाफ तत्काल अपराध दर्ज करने की मांग की है। साथ ही, आरोपी का गन लाइसेंस रद्द करने के लिए भी संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।
निगम कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह की धमकियों से न सिर्फ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है, बल्कि कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि वसूली अभियान के दौरान कई बार विरोध का सामना करना पड़ता है, लेकिन इस तरह खुलेआम जान से मारने की धमकी देना बेहद चिंताजनक है।
देखें VIDEO
फिलहाल पुलिस ने सामने आए वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान और उसकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


