Rajasthan News: राजस्थान के जयपुर ग्रामीण इलाके में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आपकी रूह कांप जाएगी। यहां रायसर थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक खतरनाक हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की दो हसीनाओं समेत कुल 6 लोगों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

फेसबुक पर दोस्ती और फिर खेत में गंदा गेम

दरअसल, यह पूरा मामला एक फेसबुक फ्रेंडशिप से शुरू हुआ। पीड़ित शख्स की दोस्ती फेसबुक पर दीपक नाम के एक लड़के से हुई थी। सूत्रों ने बताया कि दीपक ने पहले पीड़ित का भरोसा जीता और उसकी जमीन पर आना-जाना शुरू किया। 6 अप्रैल को जब पीड़ित अपनी जमीन पर था, तो दीपक ने जबरन अपनी गर्लफ्रेंड को वहां बुला लिया। इसके बाद असली खेल शुरू हुआ रास्ते में कार सवार बदमाशों ने पीड़ित को रोककर मारपीट की और महिला के साथ उसका अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

7 लाख में हुआ सौदा, 25 किमी पीछा कर दबोचा बदमाश

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने वीडियो वायरल करने और बलात्कार के केस में फंसाने की धमकी देकर 15 लाख रुपये मांगे। काफी मिन्नतें करने के बाद सौदा 7 लाख में तय हुआ। बदमाशों ने तुरंत 80 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपियों को दोबारा पैसे लेने बुलाया। एक बदमाश कार लेकर भागा, जिसे पुलिस ने 25 किलोमीटर तक पीछा कर फिल्मी स्टाइल में पकड़ा। फरार महिलाएं जयपुर से भागकर बूंदी जा छुपी थीं, जिन्हें मोबाइल लोकेशन के आधार पर धर दबोचा गया।

पुराने लुटेरे निकले गिरोह के मास्टरमाइंड

ग्राउंड सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए मुख्य आरोपी रामकिशन और दीपक शातिर अपराधी हैं, जिन पर पहले भी लूट के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल हुई बोलेरो और बलेनो कार के साथ नगदी भी बरामद की है। रायसर पुलिस की इस मुस्तैदी की चर्चा पूरे जिले में हो रही है।

पढ़ें ये खबरें