अजयारविंद नामदेव, शहडोल। संभागीय मुख्यालय शहडोल में उस वक्त आमजन की परेशानी बढ़ गई, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के नगर आगमन को लेकर किए गए स्वागत इंतजामों ने शहर की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। स्वागत के नाम पर शहर के प्रमुख नुक्कड़ और चौराहों पर कई जेसीबी मशीनें खड़ी कर दी गईं, जिससे जिला मुख्यालय में लंबे जाम की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत की तैयारियों के तहत चार से छह जेसीबी मशीनों को सड़कों पर खड़ा किया गया। इन जेसीबी मशीनों को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था। वहीं युवा मोर्चा के पदाधिकारी इन मशीनों पर चढ़कर स्वागत की तैयारी करते नजर आए। सड़क पर खड़ी भारी मशीनों के कारण यातायात बाधित हो गया और देखते ही देखते शहर के कई इलाकों में लंबा जाम लग गया।
सबसे ज्यादा परेशानी जिले की सबसे बड़ी शैक्षणिक संस्था रघुराज स्कूल के सामने देखने को मिली, जहां स्कूल समय के दौरान जाम की स्थिति बनी रही। स्कूली छात्रों और उनके अभिभावकों को स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम के चलते न केवल निजी वाहन बल्कि एंबुलेंस भी भीड़ में फंसी नजर आई, जिससे आपात सेवाओं पर भी सवाल खड़े हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वागत की इस दिखावटी व्यवस्था ने आम जनता की सुविधा को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। सुबह से शाम तक लोग जाम में फंसे रहे और जरूरी कामों के लिए निकलने वालों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कई जगहों पर ट्रैफिक पुलिस भी हालात संभालती नजर आई, लेकिन भारी मशीनों के कारण यातायात सुचारू रूप से नहीं चल सका। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर किए गए इस जेसीबी स्वागत पर अब शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
वहीं इस पूरे मामले में शहडोल यातयात प्रभारी संजय जायसवाल का कहना है कि वो अभी एक विभागीय मीटिंग में है, बावजूद इसके यदि इस तरह से शहर में जाम की स्थित निर्मित हुई है तो दिखवाते है क्या मामला है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


