Bihar Rajya Sabha Elections:बिहार में 5 सीटों पर हो रहे राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म है। राजधानी पटना में आज रविवार (15 मार्च) को चुनाव से एक दिन पहले बैठकों का दौर जारी है। इसी क्रम में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर एनडीए के नेताओं की अहम बैठक हुई, जिसमें कई बड़े नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। कल होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
बैठक पर मंत्री श्रवण कुमार का बयान
एनडीए नेताओं की इस बैठक में बिहार राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी से निर्वाचित अधिकारी छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल रहे। बैठक को लेकर बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार की प्रतिक्रिया सामने आई है। एक मीडिया एजेंसी को दिए अपने बयान में उन्होंने बताया कि, बैठक के दौरान नेताओं ने चुनाव को लेकर रणनीति और पार्टी के दिशा-निर्देशों पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि, एनडीए के घटक दलों के बीच समन्वय बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। बता देंकि चुनाव से पहले यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।
शाम में विजय चौधरी के आवास पर बैठक
श्रवण कुमार ने बताया कि, 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी नेताओं को कुछ निर्देश दिए गए हैं, जिनका पालन सुनिश्चित करने के लिए ही यह बैठक आयोजित की गई है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, राज्यसभा चुनाव को लेकर आज शाम को एक बैठक विजय चौधरी के आवास पर भी होनी है, जहां पर यह तय होगा की कौन नेता किस उम्मीदवार को अपना मत देगा।
सभी सीटों पर NDA की जीत का दावा
राज्यसभा चुनाव में श्रवण कुमार ने सभी पांचों सीट पर एनडीए की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि, इसमें कोई संदेह नहीं है। एनडीए सभी पांचों सीट पर जीत हासिल कर रही है। किसी भी सीट को लेकर कोई अड़चन या विवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरा माहौल हमारे पक्ष में है। एनडीए सभी सीटों पर जीत हासिल करेगा।
5 सीट के लिए मैदान में 6 उम्मदीवार
5 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, शिवेश कुमार, जदयू से नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर मैदान में हैं। वहीं, एक सीट पर एनडीए से उपेंद्र कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि राजद से अजय धारी सिंह मैदान में हैं।
AIMIM बन सकती है किंगमेकर
एक तरफ जहां, एनडीए के नेता सभी पांचों सीट पर एनडीए की जीत का दावा कर रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ महागठबंधन एक सीट पर अपनी जीत का दावा कर रहा है। दरअसल 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं। राजद ने अपने सभी विधायकों को होटल पनाश में ठहराया हुआ है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज AIMIM प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान की दावत-ए-इफ्तार में शामिल होने वाले हैं। ऐसे में यदि एआईएमआईएम के विधायक महागठबंधन उम्मीदवार के पक्ष में वोट करते हैं, तो 5वें सीट पर महागठबंधन खेला कर सकती है।
41 विधायकों का समर्थन जरूरी
राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए करीब 41 विधायकों का समर्थन जरूरी होता है। ऐसे में एनडीए को चार सीटें आसानी से मिलती दिख रही हैं, जबकि महागठबंधन के पास सिर्फ 35 विधायक होने से उसकी राह मुश्किल नजर आ रही है। ऐसे में यदि महागठबंधन का समर्थन AIMIM करती है, तो राज्यसभा की एक सीट उसके खाते में आ सकती है। हालांकि राज्यसभा चुनाव में AIMIM के विधायक किसे सपोर्ट करते हैं, इसपर सभी की निगाहें बनी हुई हैं।
ये भी पढ़ें- TRE-4 रिजल्ट की मांग तेज: 18 मार्च तक नतीजे नहीं आए तो पटना की सड़कों पर उतरेंगे अभ्यर्थी : छात्र नेता दिलीप कुमार
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

