कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की राजनीति में वार-पलटवार का दौर जारी है। हाल ही में जदयू (JDU) विधायक अजीत कुमार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयानों पर कड़ा ऐतराज जताते हुए उन्हें आईना दिखाया है। अजीत कुमार ने तेजस्वी की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें अचानक बिहार के खजाने की चिंता सताने लगी है, जो कि महज एक राजनीतिक प्रोपेगेंडा है।
वित्तीय प्रबंधन पर सरकार का रुख
अजीत कुमार ने स्पष्ट किया कि बिहार का वित्तीय प्रबंधन पूरी तरह सुरक्षित और कुशल हाथों में है। उन्होंने कहा, बिहार के खजाने में क्या है और प्रदेश को कैसे चलाना है, इसकी पूरी समझ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वित्त मंत्री विजय चौधरी को है। विधायक ने जोर देकर कहा कि सरकार राज्य के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और वित्तीय स्थिति को लेकर किसी भी प्रकार का भ्रम फैलाना अनुचित है।
अनर्गल बयानबाजी पर ‘कच्चा चिट्ठा’ खोलने की चेतावनी
विपक्ष द्वारा सरकार पर किए जा रहे हमलों का जवाब देते हुए अजीत कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि जो लोग सरकार के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं, सत्ता पक्ष के पास भी उनका ‘कच्चा चिट्ठा’ मौजूद है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय आने पर विपक्ष की विफलताओं और उनके दावों की हकीकत जनता के सामने रखी जाएगी।
अमित शाह का दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी बिहार दौरे, विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों के प्रवास पर खुशी जताते हुए विधायक ने इसे राज्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास और सुरक्षा को लेकर गंभीर है। सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा केंद्र की प्राथमिकता है, और गृह मंत्री का दौरा यह साबित करता है कि बिहार की प्रगति में केंद्र सरकार मजबूती से साथ खड़ी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


