Jharkhand Palamu Crime News: झारखंड के पलामू जिले से इंसानियत को शर्मसार करने और ‘कलयुगी मम्मी’ की काली करतूत का मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी मां ने ममता को कलंकित करते हुए अपनी ही 13 साल की नाबालिग बेटी की शादी 55 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति से कर दी। इतना ही नहीं, उसने बेटी को पिता की मौत की झूठी खबर दी और खुद बॉयफ्रेंड के साथ भाग गई। सूरत से जब पिता लौटा तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी प्रभाकर मिश्रा को गिरफ्तार कर नाबालिग का रेस्क्यू किया है।

यह पूरी घटना पलामू के नावाजयपुर थाना क्षेत्र की है। पीड़िता के अनुसार, उसकी मां का किसी व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। अपने रास्ते से कांटा हटाने और खुद के स्वार्थ के लिए मां ने अपनी मासूम बेटी का सौदा कर डाली।

नाबालिग ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने उसे झूठ बोला था कि गुजरात के सूरत में काम करने वाले उसके पिता की मृत्यु हो गई है। पिता की मौत का झूठा डर दिखाकर मां ने दो महीने पहले उसे बिश्रामपुर निवासी प्रभाकर कुमार मिश्रा (55 वर्ष) के हवाले कर दिया। अंधेरे में रखी गई इस साजिश का पर्दाफाश तब हुआ जब लड़की के पिता सूरत से मजदूरी कर वापस लौटे। घर आने पर जब उन्हें बेटी नहीं मिली, तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। पिता अपनी बेटी तक पहुंचने में सफल रहे और उसे घर वापस ले आए। घर पहुंचने पर मासूम ने रोते हुए अपने साथ हुई दरिंदगी और मां की साजिश की पूरी कहानी बयां की।

पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी

मामला सामने आते ही पलामू पुलिस हरकत में आई। एसपी रीष्मा रमेशन के निर्देश पर सदर थाना पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी प्रभाकर कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी नाबालिग बच्ची को मेदिनीनगर के श्रीराम पथ इलाके में एक किराये के मकान में रख रहा था। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO), बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और अपहरण जैसी गंभीर धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने नाबालिग को रेस्क्यू कर बाल कल्याण समिति (CWC) को सौंप दिया है, जहां उसकी काउंसलिंग की जा रही है।

प्रेमी के साथ फरार है आरोपी मां

खबरों के मुताबिक, बच्ची को अधेड़ के हाथ सौंपने के बाद आरोपी मां अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई है। पुलिस अब उस कलयुगी मां की तलाश में जुटी है जिसने ममता का गला घोंटकर अपनी बेटी का जीवन नरक बना दिया।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m