प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। कबीरधाम जिले के थाना बोड़ला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़घुरसी मैदान में जमीन विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। गांव के एक परिवार ने आरोप लगाया है कि दबंगों द्वारा लगातार मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। मामले में कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।

पीड़ित प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक कबीरधाम को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। शिकायत में उन्होंने बताया कि गांव के कुछ लोग संगठित होकर उनकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से लगातार दबाव बना रहे हैं। जमीन छोड़ने से इनकार करने पर आरोपियों ने परिवार को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
प्रकाश पटेल के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 और 7 फरवरी 2026 को आरोपी उनके घर में जबरन घुस आए। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई, कपड़े फाड़े गए और अश्लील गालियां दी गईं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने खेत तक जाने वाले रास्ते को अवरुद्ध कर दिया, जिससे परिवार की रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि पूर्व में उनकी बाड़ी के पास बनी झोपड़ी में आग लगा दी गई थी, जिससे वहां रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। इस घटना की शिकायत थाना बोड़ला चौकी बैजनपुर में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
लगातार मिल रही धमकियों और घटनाओं से पूरा परिवार मानसिक तनाव में है। परिवार के सदस्यों ने किसी भी समय अप्रिय घटना की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी पुष्पेन्द्र बघेल ने शिकायतकर्ता को जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से जांच की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही जा रही है।
अब देखना होगा कि पुलिस जांच के बाद आरोपियों पर क्या कार्रवाई होती है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय और सुरक्षा मिल पाती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


