प्रमोद कुमार/कैमूर। यदि आप भी बाहर के खाने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपको झकझोर देगी। बिहार के कैमूर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शहर के एक नामी रेस्टोरेंट का खाना खाने से एक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य की हालत बिगड़ गई। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट को सील कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, भभुआ थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव निवासी विशाल कुमार तिवारी (पुत्र मार्कंडेय तिवारी) सोमवार रात करीब 9 बजे शहर के ‘जायका रेस्टोरेंट’ से पनीर और मंचूरियन लेकर घर आए थे। विशाल ने अपने छोटे भाई और एक दोस्त के साथ मिलकर खाना खाया। खाना खाने के करीब आधे घंटे बाद ही तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें तेज उल्टियां होने लगीं।
अस्पताल में लापरवाही का आरोप
परिजनों के मुताबिक, विशाल की स्थिति अधिक बिगड़ने पर उसे सुबह 4 बजे भभुआ सदर अस्पताल ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर कमलेश प्रसाद ने केवल आला (स्टेथोस्कोप) से जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। पिता मार्कंडेय तिवारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार ईसीजी (ECG) जांच की मांग करने के बावजूद डॉक्टर ने अनसुना कर दिया। बाद में जब परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, तो वहां बताया गया कि युवक की मौत महज आधा घंटा पहले हुई है। परिजनों का कहना है कि यदि सदर अस्पताल में सही समय पर इलाज मिलता, तो विशाल की जान बच सकती थी।
प्रशासनिक कार्रवाई और जांच
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने रेस्टोरेंट संचालक और सदर अस्पताल के चिकित्सक के खिलाफ पुलिस में आवेदन दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने ‘जायका रेस्टोरेंट’ को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि युवक को मृत अवस्था में लाया गया था, फिर भी मौत के सटीक समय और कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और खाद सुरक्षा विभाग की टीम भी रेस्टोरेंट के सैंपल की जांच कर रही है। इस घटना ने शहर में हड़कंप मचा दिया है और रेस्टोरेंट के खान-पान की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

