प्रमोद कुमार/कैमूर। जिले के नुआंव थाना क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, कारीराम गांव निवासी उमा शंकर सिंह के पुत्र श्रवण कुमार सिंह रविवार शाम घर से नुआंव बाजार मार्केट करने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, पर उनका कोई पता नहीं चला।

रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि नुआंव बाजार स्थित इंडियन गैस एजेंसी के सामने सड़क पार एक बगीचे में एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश की। बाद में पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान श्रवण कुमार सिंह के रूप में की।
भभुआ सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के ममेरे भाई सुमित यादव ने बताया कि श्रवण के सिर पर खून के निशान थे, जिससे आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई होगी। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा होना चाहिए।

इस संबंध में नुआंव थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर शव की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन परिजनों के आने के बाद पहचान सुनिश्चित हुई। पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।