प्रमोद कुमार/ कैमूर। जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। रविवार तड़के NH-19 (दिल्ली-कोलकाता नेशनल हाईवे) पर नसेज गांव के समीप एक यात्री बस और ट्रॉली ट्रक के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्चे सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।

​तड़के 3 बजे हुआ हादसा

​जानकारी के अनुसार, यात्री बस जमशेदपुर से वाराणसी की ओर जा रही थी, तभी कुदरा थाना क्षेत्र में मोहनिया से सासाराम की ओर जा रहे ट्रॉली ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। चश्मदीदों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि आसपास के ग्रामीण सहम गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

​रेस्क्यू ऑपरेशन और पुलिस की कार्रवाई

​घटना की सूचना मिलते ही डायल 112, कुदरा थाना पुलिस और NHAI की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के निवासियों के रूप में हुई है।

​जांच में जुटी पुलिस

​हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। स्थानीय निवासी पिंटू गुप्ता ने बताया कि आवाज सुनकर वे लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और प्रशासन को सूचित किया।