प्रमोद कुमार/कैमूर। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों ने परिवारों की खुशियां उजाड़ दी हैं। इन घटनाओं में एक 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी (BHU) रेफर किया गया है।
मुंडेश्वरी धाम से लौटते समय डंपर ने कुचला
पहली हृदयविदारक घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, बखार बांध गांव निवासी सुनील सिंह का 19 वर्षीय पुत्र गौतम सिंह अपने साथी कमलेश जायसवाल (20 वर्ष) के साथ माता मुंडेश्वरी के दर्शन कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान बसंतपुर गांव स्थित काली मंदिर के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को पीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें सदर अस्पताल रेफर किया गया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल ले जाने के दौरान गौतम सिंह ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था।
दो अन्य युवक भी हुए हादसे का शिकार
दूसरा हादसा भभुआ-मोहनिया पथ पर हुआ। यहां एक बाइक पर सवार होकर दो युवक, राहुल कुमार (15 वर्ष) और प्रदीप कुमार (19 वर्ष), बारे गांव अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे दोनों लहूलुहान हो गए। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें भी वाराणसी के लिए रेफर कर दिया है।
पुलिस जांच में जुटी
इन घटनाओं के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सदर अस्पताल में भारी भीड़ और चीख-पुकार के बीच पुलिस ने मृतक गौतम सिंह के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार डंपर की तलाश और मामलों की छानबीन में जुट गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

