प्रमोद कुमार/कैमूर। जिले का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल, सदर अस्पताल भभुआ, इन दिनों मरीजों के इलाज से ज्यादा चोरों की सक्रियता को लेकर सुर्खियों में है। आलम यह है कि अस्पताल परिसर अब चोरों का सुरक्षित अड्डा बन चुका है, जहां सुरक्षाकर्मियों की भारी-भरकम तैनाती के बावजूद चोरी की घटनाएं आम हो गई हैं। पिछले एक सप्ताह के भीतर दो सीएनजी ऑटो की बैटरियां चोरी होने से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है।
गार्ड्स से महज 10 कदम की दूरी पर हुई चोरी
ताजा मामला भगवानपुर थाना क्षेत्र के बजरडिहवां गांव का है। पीड़ित ऑटो चालक संतोष कुमार अपनी मां का सीटी स्कैन कराने सदर अस्पताल आए थे। उन्होंने अपना सीएनजी ऑटो मुख्य परिसर में खड़ा किया था। संतोष जब एक घंटे बाद जांच कराकर लौटे, तो उनके होश उड़ गए। ऑटो का ताला टूटा हुआ था और कीमती बैटरी गायब थी। चौंकाने वाली बात यह है कि जहां ऑटो खड़ा था, वहां से सुरक्षा गार्डों की तैनाती महज 10 कदम की दूरी पर था।
सुरक्षाकर्मियों का गैर-जिम्मेदाराना जवाब
जब पीड़ित चालक ने वहां मौजूद गार्ड्स से चोरी की शिकायत की, तो मदद के बजाय उन्हें निराशाजनक जवाब मिला। गार्ड्स ने पल्ला झाड़ते हुए कहा, इस अस्पताल में ऐसा होता रहता है, हम कुछ नहीं कर सकते। इस बयान ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन की गंभीरता पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं। आखिर दर्जनों गार्ड्स की मौजूदगी के बावजूद चोर इतने बेखौफ कैसे हैं?
गरीब मरीजों की जेब पर भारी पड़ रही लापरवाही
सदर अस्पताल में जिले भर से गरीब और मध्यम वर्गीय लोग कम खर्च में इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं। पीड़ित संतोष ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि, हम गरीब लोग हैं, इसीलिए सरकारी अस्पताल आते हैं। अगर यहां हमारी गाड़ियां और सामान ही सुरक्षित नहीं हैं, तो हम यहां इलाज के लिए क्यों आएं? जब सुरक्षा गार्ड कुछ कर ही नहीं सकते, तो उनकी ड्यूटी का क्या फायदा?
पुलिसिया कार्रवाई कागजों तक सीमित!
अस्पताल परिसर से केवल बैटरियां ही नहीं, बल्कि बाइक और मोबाइल चोरी की घटनाएं भी लगातार हो रही हैं। कई मामलों में थाने में लिखित आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक न तो सामान की बरामदगी हुई है और न ही चोरों पर शिकंजा कसा गया है। फिलहाल, ऑटो चालक संतोष ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और अस्पताल प्रशासन को अपनी कार्यशैली सुधारने के लिए कड़े निर्देश दिए जाएं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

