उड़ीसा के कंधमाल जिले के घने जंगलों में माओवादियों के छिपे नेटवर्क पर सुरक्षाबलों ने एक और बड़ा प्रहार किया है, जहां संयुक्त सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

जानकारी के मुताबिक डारिंगबाड़ी थाना क्षेत्र के जंगलों में माओवादी डंप होने की खुफिया सूचना मिली थी, जिसके बाद एसओजी और डीवीएफ की टीम ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। सर्चिंग के दौरान एक गांव के पास स्थित गुफा में छिपाकर रखा गया माओवादी जखीरा बरामद किया गया, जिसमें 10 हथियार, 2 मैगजीन, 79 राउंड कारतूस और 10 एसबीजीएल ग्रेनेड शामिल हैं।

इसके अलावा इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और वायर जैसी विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है, जो किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है। बताया जा रहा है कि इलाके में अभी भी 8 से 9 माओवादी सक्रिय हैं, जिनकी तलाश में अभियान लगातार जारी है। उड़ीसा पुलिस ने एक बार फिर अपील करते हुए कहा है कि हिंसा का रास्ता छोड़कर माओवादी मुख्यधारा में लौटें, अन्यथा सुरक्षाबलों की कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।