दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छत्रसाल स्टेडियम से “खेलो दिल्ली-दिल्ली खेल महाकुंभ” का शुभारंभ किया। एक महीने तक चलने वाले इस मेगा स्पोर्ट्स फेस्टिवल का लक्ष्य 17 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से 30,000 से अधिक एथलीटों को आकर्षित करना है। यह दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित पहला राज्य स्तरीय मेगा स्पोर्ट्स फेस्टिवल है, जिसे राजधानी की सबसे बड़ी जमीनी स्तर की खेल पहल के रूप में देखा जा रहा है. दिल्ली खेल महाकुंभ के आधिकारिक मैस्कॉट का नाम रनवीर रखा गया है, का भी अनावरण किया गया.

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार दिल्ली में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है. इसके तहत नए स्टेडियमों का निर्माण, आधुनिक खेल मैदानों का विकास, उन्नत उपकरणों की उपलब्धता, प्रशिक्षित कोचों की नियुक्ति और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न से प्रेरित यह मेगा स्पोर्ट्स फेस्टिवल खेलो इंडिया मिशन और फिट इंडिया मूवमेंट की तर्ज पर दिल्ली सरकार की दूरदर्शी पहल है. इसका उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना और दिल्ली को एक सशक्त स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करना है. यह आयोजन दिल्ली में खेल संस्कृति के पुनर्जागरण का महापर्व है और जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करेगा.

युवाओं को प्रेरित करने और खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने के लिए ओलंपिक पदक विजेता एवं खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित रवि दहिया, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर शिखर धवन और पैरा ओलंपिक पदक विजेता शरद कुमार को दिल्ली खेल महाकुंभ का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य गणमान्य अतिथियों ने ओपन जीप में स्टेडियम का दौरा कर खिलाड़ियों और उपस्थित दर्शकों का अभिवादन किया. कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब आया जब सीडब्ल्यूएसएन खिलाड़ी, स्कूल बैंड, नासिक ढोल और दिल्ली के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं खेल संघों के 1,000 से अधिक खिलाड़ियों ने भव्य मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया.

इस अवसर पर खिलाड़ियों को पुरुस्कृत भी किया गया. साथ ही सिंगर परमिश वर्मा की शानदार प्रस्तुति ने भी पूरे वातावरण को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया.

इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली खेल महाकुंभ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राजधानी के युवाओं की ऊर्जा, सपनों और संभावनाओं का महोत्सव है. यह आयोजन दिल्ली के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम बनेगा.

स्पोर्ट्स मिनिस्टर आशीष सूद ने कहा कि यह इवेंट राजधानी को देश की स्पोर्ट्स कैपिटल बनाने की दिशा में एक बड़ा आंदोलन होगा। एथलेटिक्स, फुटबॉल, कुश्ती, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी और स्क्वैश के कॉम्पिटिशन होंगे, जिसमें स्कूल और कॉलेज, दिल्ली यूनिवर्सिटी और गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी समेत अलग-अलग इंस्टीट्यूशन के एथलीट हिस्सा लेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m