​किशनगंज। जिले में साइबर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए डिजिटल धोखाधड़ी के शिकार एक व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के जरिए पीड़ित के खाते से उड़ाए गए 1,89,600 सफलतापूर्वक रिकवर कर लिए हैं।

​फर्जी APK फाइल के जरिए हुई थी ठगी

​मामला पीएम किसान योजना से जुड़ा है। साइबर अपराधियों ने सरकारी योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर पीड़ित को एक फर्जी एपीके (APK) फाइल भेजी थी। जैसे ही पीड़ित ने उस फाइल को डाउनलोड किया, अपराधियों ने उनके डिवाइस का एक्सेस लेकर खाते से एक लाख नवासी हजार छह सौ रुपये पार कर दिए। इस संबंध में साइबर थाना में कांड संख्या 26/2025 दर्ज की गई थी।

​पुलिस की तकनीकी टीम ने दिखाया दम

​शिकायत मिलते ही किशनगंज साइबर थाना की टीम हरकत में आई। अनुसंधानकर्ता पदाधिकारी और तकनीकी सेल ने मिलकर पैसों के ट्रांजैक्शन को ट्रैक किया। टीम के समन्वित प्रयासों के चलते ठगी गई पूरी राशि होल्ड कराकर वापस शिकायतकर्ता के बैंक खाते में भेज दी गई है। हालांकि, पुलिस इस गिरोह के पर्दाफाश के लिए अभी भी जांच जारी रखे हुए है।

​पुलिस की अपील

​किशनगंज पुलिस ने इस सफलता के साथ ही आम जनता के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है:
​किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक या APK फाइल को कभी डाउनलोड न करें।
​पीएम किसान या अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही लें।
​अनजान नंबरों से आए फोटो या वीडियो फाइल को बिना जांचे ओपन न करें, ये आपके फोन में ‘मैलवेयर’ डाल सकते हैं।
​साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या स्थानीय साइबर थाने को सूचित करें।