किशनगंज। होली 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए किशनगंज जिला प्रशासन ‘एक्शन मोड’ में है। जिलाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने शांति समिति की बैठक में स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
डीजे और अश्लील गानों पर प्रतिबंध
प्रशासन ने इस बार भी डीजे संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया है। इसके साथ ही अश्लील एवं आपत्तिजनक भोजपुरी गानों को बजाने पर सख्त मनाही है। डीएम ने निर्देश दिया है कि हुड़दंगियों और अवैध शराब की बिक्री करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट रोकने के लिए साइबर सेल 24 घंटे निगरानी करेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और सीमा सील
नेपाल में होने वाले चुनावों और होली की संवेदनशीलता को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा को 72 घंटों के लिए सील करने का निर्णय लिया गया है। सीमावर्ती थानों के साथ समन्वय बनाकर विशेष चौकसी बरती जाएगी। जिले के संवेदनशील इलाकों, जैसे खगड़ा टर्निंग प्वाइंट, पर अतिरिक्त पुलिस बल और दंगा निरोधी दस्ता तैनात रहेगा।
नियंत्रण कक्ष और फायर ब्रिगेड अलर्ट
2 मार्च की सुबह 6 बजे से 4 मार्च तक जिला नियंत्रण कक्ष लगातार कार्यरत रहेगा। होलिका दहन और होली के दौरान आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए हर प्रखंड में अग्निशमन वाहन उपलब्ध रहेंगे। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अनिवार्य रूप से वर्दी में रहने और ड्यूटी के दौरान होली न खेलने का सख्त आदेश दिया गया है।
प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 या 101 पर सूचना दें।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

