किशनगंज। जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। ठाकुरगंज प्रखंड के गलगलिया थाना अंतर्गत भातगांव पंचायत में सोमवार रात मोहम्मद आलम नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी जोया खातून (35) का गला रेत दिया। आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते उसने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया।

​विवाद के बाद बेहोश कर दिया वारदात को अंजाम

​जानकारी के अनुसार, मृतका और आरोपी की शादी 15 साल पहले हुई थी और उनके चार बच्चे हैं। आलम पिछले दो वर्षों से दिल्ली में मजदूरी कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, दिल्ली जाने के बाद से ही आलम अपनी पत्नी पर शक करने लगा था। फोन बिजी आने पर अक्सर दोनों के बीच गाली-गलौज और झगड़ा होता था। 10 दिन पहले ही वह गांव लौटा था। सोमवार रात करीब 11 बजे विवाद बढ़ने पर आलम ने पहले जोया के सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर उसे बेहोश किया, फिर घर से 20 मीटर दूर ले जाकर घास काटने वाले औजार (कचिया) से उसका गला काट दिया।

​भाई को फोन कर दी हत्या की सूचना

​क्रूरता की हदें पार करते हुए आरोपी ने हत्या के बाद खुद मृतका के भाई को फोन किया। उसने कहा, तुम्हारी बहन को मार दिया है, आकर शव ले जाओ। जब परिजन सुबह 5 बजे मौके पर पहुंचे, तो जोया का शव खून से लथपथ पड़ा था। घाव इतना गहरा था कि गर्दन का मांस अलग हो चुका था। वारदात के समय बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे, जिन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी।

​पुलिस की कार्रवाई और क्षेत्र में आक्रोश

​मंगलवार सुबह सूचना मिलते ही गलगलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी पति वारदात के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना से पूरे भातगांव पंचायत में सन्नाटा पसरा है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपी को जल्द पकड़कर कड़ी सजा देने की मांग की है।