किशनगंज। शहर के खगड़ा में रविवार की शाम वह हुआ जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। ऑपरेशन सवेरा के तहत जब पुलिस ने रेड लाइट एरिया की घेराबंदी की, तो वहां चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। पुलिस को देखते ही लड़कियां गलियों में भागने लगीं, लेकिन खाकी के आगे उनकी एक न चली। पुलिस के जवानों ने 500 मीटर तक दौड़ लगाकर भाग रही लड़कियों को धर दबोचा। इस सनसनीखेज छापेमारी में 9 लड़कियों को रेस्क्यू किया गया है, जिनमें से 4 की उम्र देख पुलिस भी दंग रह गई वे मासूम नाबालिग थीं।
मुन्नी और उसके बॉयफ्रेंड का मायाजाल
इस पूरे गोरखधंधे की मास्टरमाइंड मुन्नी बेगम और उसका बॉयफ्रेंड सोनू अब पुलिस की गिरफ्त में हैं। मौके से 25 पैकेट कंडोम और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुए हैं, जो यहां चल रहे गंदे खेल की गवाही दे रहे थे। लेकिन कहानी सिर्फ मुन्नी तक सीमित नहीं है; इस काले साम्राज्य की जड़ें बहुत गहरी हैं।
जेल की सलाखों के पीछे से रिमोट कंट्रोल
जांच में जो सबसे चौंकाने वाला मोड़ आया है, वह है मुन्नी के भाई कृष्णा खलीफा का नाम। बताया जा रहा है कि कृष्णा जेल में बंद होने के बावजूद वहां से इस पूरे गैंग को ऑपरेट कर रहा है। यह सिर्फ देह व्यापार नहीं, बल्कि 5 लाख रुपये में लड़कियों की सौदेबाजी का एक क्रूर बाजार है। मुन्नी का परिवार दशकों से अपराध की दुनिया में सक्रिय है, जिन पर हत्या और मानव तस्करी जैसे संगीन मामले दर्ज हैं।
तीन राज्यों में फैला मौत का सौदागरों का नेटवर्क
स्थानीय लोगों की मानें तो असम और बंगाल के गरीब गांवों से भोली-भाली लड़कियों को खरीदकर यहाँ लाया जाता है। उन्हें कई दिनों तक अंधेरे कमरों में कैद रखा जाता है और फिर शुरू होता है शोषण का वो सिलसिला जिसे सुनकर रूह कांप जाए। स्थानीय निवासी शकील और राजीव ने बताया कि यह इलाका अब नर्क बन चुका है और बच्चों के भविष्य पर इसका जहर घुल रहा है।
तस्करों के बड़े सिंडिकेट पर पुलिस की नजर
एसडीपीओ मंगलेश कुमार और डीएसपी अशोक कुमार ने साफ कर दिया है कि यह महज एक छापेमारी नहीं, बल्कि एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह की कमर तोड़ने की शुरुआत है। गिरफ्तार युवकों से पूछताछ में कई बड़े नाम सामने आने की संभावना है। फिलहाल रेस्क्यू की गई लड़कियों को काउंसलिंग के लिए सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है और पुलिस की फाइल में अब कई नए ‘सफेदपोश’ गुनहगारों के नाम जुड़ने वाले हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

