किशनगंज। जिले के खगड़ा रेड लाइट एरिया में नाबालिगों के शोषण और जबरन देह व्यापार से जुड़े बहुचर्चित मामले में मुख्य आरोपी कृष्ण खलीफा उर्फ कासिम खलीफा ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के सरेंडर के बाद पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी में जुट गई है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में बड़े खुलासे हो सकते हैं।
पॉक्सो और मानव तस्करी समेत गंभीर धाराएं
यह मामला किशनगंज थाना कांड संख्या 430/2025 से जुड़ा है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, मानव तस्करी और जबरन देह व्यापार सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। पुलिस का कहना है कि यह संगठित गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और इलाके में सुनियोजित तरीके से रैकेट संचालित कर रहा था।
कई जिलों और राज्यों से लायी जाती थीं लड़कियां
जांच में सामने आया है कि गिरोह बिहार के मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, पूर्णिया, सहरसा, बेगूसराय और अररिया समेत अन्य जिलों के साथ पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर, पंजीपारा और गुलावबाग क्षेत्रों से नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर लाता था। बेरोजगारी और गरीबी का फायदा उठाकर उन्हें देह व्यापार में धकेला जाता था।
रिमांड पर पूछताछ की तैयारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लगातार दबाव के चलते आरोपी ने सरेंडर किया। अब रिमांड के दौरान अंतर-जिला और अंतर-राज्यीय तस्करी नेटवर्क के कनेक्शन खंगाले जाएंगे। पहले भी छापेमारी में इस रैकेट के संकेत मिले थे। मुख्य आरोपी के गिरफ्त में आने से बड़े नेटवर्क के उजागर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


