Korba-Raigarh News Update : कोरबा. साप्ताहिक बाजार से लौट रहे ग्रामीण को मदद के लिए हाथ बढ़ाना महंगा पड़ गया. उसकी सड़क पर पड़े युवक ने अपने साथी के साथ बेरहमी से पिटाई कर दी. हद तो तब हो गई, जब वृद्ध के ऊपर पटककर दोपहिया में तोड़फोड़ की. उन्होंने बीच बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक पर भी हमला कर दिया. मौके पर पहुंचे परिजनों ने वृद्ध को इलाज के लिए अस्पताल दाखिल कराया. मामले में पुलिस ने मामूली धारा के तहत जुर्म तो दर्ज कर लिया, लेकिन दस दिन बीत जाने के बाद भी कार्रवाई नही की. मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है.


पाली थानांतर्गत रामाकछार बीहीटिहाईपारा में मदन लाल धनुहार 60 वर्ष निवास करता है. वह शुक्रवार को परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा था. उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत पत्र प्रस्तुत किया है. जिसके मुताबिक मदन लाल 3 फरवरी को अपने छोटे भाई के पुत्र परशुराम के साथ जटगा साप्ताहिक बाजार गया था. वे दोनों सामान की खरीदी कर रात लगभग 8 बजे घर लौट रहे थे. वे रामाकछार रीवादा जंगल में पहुंचे थे. इसी दौरान मदन लाल की नजर सड़क पर पड़े महिपाल नामक युवक पर पड़ी. उसके करीब ही सड़क में रायसिंह नामक युवक खड़ा था. किसी अनहोनी के भय से मदनलाल ने बाइक रोक दी. वह मदद के लिए महिपाल के समीप जा पहुंचा. उसके सड़क पर सोने की वजह पूछते ही महिपाल उठ खड़ा हुआ. उसने रायसिंह के साथ मिलकर वृद्ध की पिटाई शुरू कर दी. उनकी धक्का मुक्की व मारपीट से वृद्ध जमीन पर जा गिरा. इस बीच दोनों युवक ने उसके ऊपर बाइक को गिरा तोड़फोड़ करने लगे. अपने बड़े पिता की पिटाई होते देख परशुराम बीच बचाव करने पहुंचा तो बदमाशों ने उस पर भी हमला कर दिया. किसी तरह जान बचाकर परशुराम गांव पहुंचा. उसने घटना की जानकारी वृद्ध के पुत्र इंद्रजीत को दी. वह कुछ ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचा तो वृद्ध खून से लथपथ पड़ा था. उसके सिर, पीट, पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थी. उसे आनन फानन पाली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया.
साथ ही इद्रजीत ने थाना पहुंचकर मामले में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गाली गलौच कर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का अपराध दर्ज तो कर लिया, लेकिन घटना को दस दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नही हुई. पीड़ित परिवार ने शिकायत पत्र में उल्लेख किया है कि कार्रवाई नही होने से आरोपियों के हौसले बुलंद है, जिससे वृद्ध और उसके परिवार डरा सहमा है. उन्होंने वाहन जानलेवा हमला और दोपहिया में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
नियमों का उल्लंघन करने वाले कारखानों पर कार्रवाई, लाखों रुपए का अर्थदण्ड
रायगढ़. जिले में औद्योगिक सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए पांच कारखानों के विरुद्ध दायर आपराधिक प्रकरणों में कार्रवाई की है. कार्यालय उप संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संभाग रायगढ़ द्वारा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में हुई दुर्घटनाओं के निरीक्षण के दौरान पाए गए उल्लंघनों के आधार पर कारखाना अधिनियम, 1948 एवं संबंधित नियमों के तहत कारखानों के विरुद्ध 05 आपराधिक प्रकरण श्रम न्यायालय रायगढ़ में प्रस्तुत किए गए थे. इन प्रकरणों का निराकरण जनवरी 2026 में करते हुए न्यायालय ने संबंधित अधिभोगियों एवं प्रबंधकों पर लाखों रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया है.
जानकारी के अनुसार, मेसर्स जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड, यूनिट-4, एमएलएसएम, खरसिया रोड, रायगढ़ में कारखाना अधिनियम, 1948 की धारा 7ए(2)(डी) के उल्लंघन पर अधिभोगी को 70 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया. वहीं मेसर्स एमएसपी स्टील एंड पावर लिमिटेड, ग्राम जामगांव, रायगढ़ के अधिभोगी एवं कारखाना प्रबंधक के विरुद्ध धारा 7ए(2)(ए) एवं धारा 21(1)(4) के उल्लंघन पर प्रत्येक को 1 लाख 60 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया. इसी कंपनी से जुड़े एक अन्य प्रकरण में धारा 41 तथा संबंधित नियम 73(घ) एवं 73(1) के उल्लंघन पर दोनों जिम्मेदार अधिकारियों पर क्रमशः 1 लाख 40 हजार रुपये एवं 1 लाख 40 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया. कंपनी के एक अतिरिक्त मामले में धारा 7ए(2)(डी) एवं 7ए(2)(ए) के उल्लंघन पर 1 लाख 60 हजार रुपये का अर्थदंड निर्धारित किया गया. इसके अतिरिक्त, मेसर्स आर.एस. इस्पात रायगढ़ प्राइवेट लिमिटेड, ओपी जिंदल इंडस्ट्रियल पार्क, पूंजीपथरा रायगढ़ में धारा 7ए(2)(ए) एवं 21(1)(4) के उल्लंघन के मामले में संबंधित अधिभोगी एवं प्रबंधक को 1 लाख 40 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया गया. उप संचालक कार्यालय ने कहा है कि औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध भविष्य में भी वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी.
ऑटो की टक्कर से स्कूली छात्र की मौत
रायगढ़. तेज और अनियंत्रित ऑटो चालक ने स्कूली छात्र को जोरदार ठोकर मार दिया है. हादसे से छात्र को गंभीर चोंट आया. जहां मौके पर ही उसकी मौत हो गई. सूचना के बाद पुलिस ने शव को पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है. मिली जानकारी के अनुसार चक्रधरनगर थाना अंतर्गत महापल्ली के आगे ग्राम कुकुर्दा नदी पुल के पास ऑटो के टक्कर से 16 वर्षीय सायकल सवार नाबालिग की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि नाबालिग का मौके पर ही मौत हो गई. शव को पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है. ऑटो चालक के आधार कार्ड के अनुसार संजय अग्रवाल का ऑटो बताया जा रहा है जो फरार हो गया है. मृतक का नाम अंकुश मेहर पिता सुदामा मेहर ग्राम कुकुर्दा बताया जा रहा है.
ITI के प्रशासनिक भवन का होगा उन्नयन
रायगढ़. जिला प्रशासन द्वारा खनिज उत्खनन प्रभावित एवं सुदूर वनांचल विकासखंड घरघोड़ा में संचालित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई के प्रशासनिक भवन और मुख्यमंत्री युवा केंद्र को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार की जा रही है. आवश्यकता अनुसार जिला खनिज न्यास निधि डीएमएफ मद से अधोसंरचना सुधार, संधारण एवं मरम्मत कार्य कराए जाएंगे, ताकि क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें.
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने घरघोड़ा एवं तमनार विकासखंड का सघन दौरा कर राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने शासकीय आईटीआई प्रशिक्षण केंद्र के प्रशासनिक भवन एवं परिसर का अवलोकन किया. कलेक्टर ने अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद कर उनके पाठ्यक्रमए
प्रशिक्षण व्यवस्था एवं भविष्य के रोजगार अवसरों की जानकारी ली. विशेष रूप से कोपा कंप्यूटर संचालन एवं प्रोग्रामिंग सहायक व्यवसाय के विद्यार्थियों से चर्चा कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं संभावित रोजगार अवसरों पर विस्तार से जानकारी प्राप्त की. उन्होंने विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए उपलब्ध उपकरणए प्रयोग सामग्री एवं अन्य संसाधनों की समीक्षा की. साथ ही संसाधनों की आपूर्ति के संबंध में उच्च कार्यालय को भेजे गए पत्राचार की जानकारी लेते हुए संबंधित पत्रों की प्रतिलिपि उपलब्ध कराने के
निर्देश दिए. कलेक्टर ने आईटीआई प्रशासनिक भवन के बेहतर रख रखाव, सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा मरम्मत एवं संधारण योग्य कार्यों का प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा. दौरे के दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री युवा केंद्र का भी निरीक्षण किया. यहां संचालित शासकीय योजनाओंए कार्यक्रमों एवं अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली गई. उन्होंने केंद्र भवन के आवश्यक सुधार एवं मरम्मत कार्यों का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


