Korba-Raigarh News Update : कोरबा. नशा नाश की जड़ है. यह बात एक बार फिर साबित हो गया. शराब के नशे में धुत पति ने घर पहुंचते ही वाहन में सुधार के लिए रकम की मांग शुरू कर दी. जिसे लेकर पति पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. पति ने तैश में आकर पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी. मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

बताया जा रहा है कि बांगो थानांतर्गत ग्राम गुरसियां में कल्याण सिंह मरावी 40 वर्ष निवास करता था. वह नशे का आदी था. कल्याण आए दिन नशे की हालत में घर पहुंच विवाद करता था. दो दिन पूर्व भी कल्याण शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा. उसने अपनी पत्नी हिरोंदिया बाई 35 वर्ष से अपने वाहन में सुधार कराने तीन हजार रूपए की मांग शुरू कर दी. जिसे लेकर पति पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. इस विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया. कल्याण ने पत्नी से मारपीट करते हुए गला घोंट दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. यह खबर मिलते ही गांव में हडकंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस भी हरकत में आ गई. थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने वैधानिक कार्रवाई उपरांत शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया. पुलिस ने मामले में आरोपी कल्याण सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.

उरगा-हाटी राजमार्ग में वाहन ने भालू को रौंदा

कोरबा. उरगा- हाटी के बीच भारतमाला सड़क पर इंसान ही नही, वन्यजीव भी सुरक्षित नही है. जहां दो दिन पूर्व कार के खाई में गिर जाने से कांग्रेस नेता सहित दो लोगों की मौत हुई थी, वहीं शनिवार की रात तेज रफ्तार वाहन के चालक ने सड़क पार कर रहे भालू को चपेट में ले लिया. वन कर्मियो की मौजूदगी में पशु चिकित्सक ने मृत भालु का पोस्टमार्टम किया. तत्पश्चात वनमंडल कार्यालय परिसर में भालु का अंतिम संस्कार किया गया है.

मामला कोरबा वन परिक्षेत्र के भैसमा परिवृत्त परिसर भेलवांटार का है. दरअसल वन कर्मियों को सूचना मिली कि कक्ष क्रमांक 1304 सकदुकला बीओए 1305 सकदुकला डी के बीच उरगा हाटी स्टेट हाइवे में सीवाना सरई नामक स्थान पर एक नर भालू मृत हालत में पड़ा है. संभवतः भालु को किसी वाहन के चालक ने अपनी चपेट में लिया है. वनकर्मियों ने मामले से आला अफसरों को अवगत कराया. वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव के निर्देश तथा एसडीओ सूर्यकांत सोनी के मार्गदर्शन में विभाग की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने मृत भालु का निरीक्षण किया तो सड़क हादसे की बातें सामने आई. पूछताछ के दौरान पता चला कि भालु रात करीब तीन बजे वाहन की चपेट में आया होगा. मामले में पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दी गई.

मौके पर पहुंचकर पशु चिकित्सक डॉ. अंकित शुक्ला ने भालु को मृत घोषित कर दिया. तत्पश्चात भालु के शव को वनमंडल कार्यालय लाया गया, जहां वनमंडलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में पशु चिकित्सक ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की. इसके साथ ही मृत भालु का अंतिम संस्कार किया गया. गौरतलब है कि उरगा हाटी के बीच भारतमाला सड़क व रेल लाइन का निर्माण किया जा रहा है. यह मार्ग तकनीकी खामियों के कारण न सिर्फ सड़क पर आवागमन करने वालों के अलावा वन्यजीवों के लिए भी असुरक्षित होता जा रहा है.

विस्थापित आदिवासी मछुआरों की समस्याओं को लेकर रैली आज

कोरबा. हसदेव (मिनीमाता बागों) जलाशय क्षेत्र की 22 पंजीकृत मछुआरा सहकारी समितियों और बागों बांध से विस्थापित आदिवासी मछुआरा समुदाय की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है. जिसे लेकर आज रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा. किसान सभा ने उनके आंदोलन का समर्थन किया है. किसान सभा के प्रदेश संयुक्त सचिव प्रशांत झा ने कहा कि रैली तानसेन चौक से दोपहर 12 बजे शुरू होकर कलेक्ट्रेट पहुंचेगी. मछुआरा संघ के अध्यक्ष फिरतु बिंझवार ने कहा कि मिनीमाता बांगों जलाशय में लागू ठेका व्यवस्था, ग्राम सभाओं द्वारा पारित प्रस्तावों, वन अधिकार अधिनियम 2006 के अंतर्गत सामुदायिक अधिकारों तथा हाल के दिनों में मछुआरा समुदाय के साथ हुई घटनाओं के संबंध में ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा जाएगा. समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी.

गौ तस्करी करते 3 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़. लैलूंगा पुलिस ने गौवंश तस्करी के विरुद्ध बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन पशु तस्करों को रंगेहाथ पकड़ लिया है. कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 08 नग गौवंश को सुरक्षित मुक्त कराया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये है.

एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा जिले में गौवंश तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं, विशेषकर सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में तस्करों पर कड़ी निगाह रखने को कहा गया है. इन्हीं निर्देशों के पालन में कल लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन व्यक्ति कुंजारा क्षेत्र से गौवंशों को पैदल, मारते-पीटते और बिना चारा-पानी के क्रूरतापूर्वक हांकते हुए उड़ीसा की ओर ले जा रहे हैं.

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हमराह स्टाफ के साथ लैलूंगा अटल चौक के पास घेराबंदी की. कुछ ही देर में पुलिस टीम ने मुख्य मार्ग पर तीन व्यक्तियों को 08 नग गौवंशों को बेरहमी से ले जाते हुए पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मायाराम नागवंशी पिता बघेलराम नागवंशी 45 वर्ष, सोहन यादव पिता ईश्वर यादव 47 वर्ष तथा विद्याधर नागवंशी पिता जितेन्द्र राम 36 वर्ष, सभी निवासी थाना बागबहार जिला जशपुर (छत्तीसगढ़) बताया. पुलिस द्वारा गौवंश तस्करी से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन आरोपी कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके. इसके बाद पुलिस ने गवाहों के समक्ष आरोपियों के कब्जे से 08 नग गौवंश जप्त किए. थाना प्रभारी गिरधारी साव द्वारा गौवंशों के लिए तत्काल पानी और चारे की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित रूप से सलखिया गौशाला में रखने की व्यवस्था की गई. आरोपियों के कृत्य पर थाना लैलूंगा में दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु संरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं 11 के तहत कार्रवाई की गई. तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया है.