Korba-Raigarh News Update : कोरबा. पिता ने मुआवजे की राशि को लेकर चल रहे विवाद के दौरान फटकार लगाते हुए यूट्यूबर बेटी को समझाइश दी. यह बात कलयुगी बेटी को रास नही आई. उसने हंसिया से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. उसके हमले से पिता मौके पर ही ढेर हो गया. इसकी जानकारी बेटी ने ही परिजनों को दी. परिजन कमरे में पहुंचे तो जमीन पर बिस्तर के ऊपर खून से सनी अधेड़ की लाश पड़ी मिली. सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है. यह सनसनीखेज वारदात हरदीबाजार थानांतर्गत ग्राम रलिया के लिममुंडा बस्ती में सोमवार मंगलवार की दरम्यानी रात घटित हुई. दरअसल गांव में अशोक कुमार केंवट 55 वर्ष निवास करता था.

Bastar News Update

घरेलू विवाद से तंग आकर उसकी पत्नी तीन बेटियों के साथ आठ साल से कोतवाली अंतर्गत आदिले चौक में रह रही थी. दो बेटी निजी कंपनी के काम कर रही थी, जबकि तीसरी पढ़ाई कर रही थी. बताया जा रहा है कि जमीन अधिग्रहण के एवज में अशोक को मुआवजा मिला था. जिसके बंटवारे के सिलसिले में चारों मां बेटी गांव गई थी. वे देर रात भोजन उपरांत आपस में बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान रात लगभग दो बजे मुआवजे की राशि को लेकर अशोक का बड़ी बेटी गीता केंवट 27 वर्ष से विवाद शुरू हो गया. अशोक ने विवाद के दौरान पहले समझाईश दी. इसके बाद फटकार लगाते हुए कुछ अपशब्द कर दिए. यह बात गीता को नागवार गुजरी. उसने पिता से मारपीट करते हुए पास रखे हंसिया से ताबड़तोड़ हमले कर दिए. उसके हमले से अशोक के चेहरे व गले में गंभीर चोटें आई. वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर ढेर हो गया. घटना से घर में कोहराम मच गया. अपने पिता को मौत के घाट उतारने के बाद गीता घर से बाहर आ गई. उसने परिजनों के पास पहुंचकर पिता के हत्या की जानकारी दी, जब चाचा संतोष केंवट सहित अन्य परिजन कमरे में पहुंचे तो जमीन पर लगे बिस्तर में अशोक की खून से सनी लाश पड़ी हुई थी. खूनी वारदात की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण किया. इस दौरान हत्या में प्रयुक्त हंसिया मौके से बरामद हो गया. मामले में पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था.

सोशल मीडिया में पोस्ट के बाद चर्चा में आई थी आरोपी

बताया जा रहा है कि पिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार बेटी गीता केंवट यूट्यूबर थी. वह रील्स, वीडियो यू ट्यूब व इंस्टाग्राम में वायरल करती थी. उसने बीते दिनों एक शिक्षाकर्मी का वीडियो तैयार किया था, जिसमें कुछ भद्दे कमेंट भी किए थे. इस वीडियो को यूट्यूब में पोस्ट करने के बाद वह चर्चा में आ गई थी. उसकी हरकत से शिक्षाकर्मी आहत हुए थे. उन्होंने मामले की शिकायत की थी.

पति-पत्नी के विवाद ने छीन ली मासूम की जिंदगी

रायगढ़. लैलूंगा के जामढोंढी गांव में एक पिता ने अपने ही 6 साल के बच्चे को कुंए की पानी में डूबाकर हत्या कर दिया. यह न केवल मानिसक विशाद ही नहीं बल्कि समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय भी है. यह लैलूंगा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15, ग्राम जामढोंढी भदरापारा में एक हृदयविदारक घटना है, जहां एक पिता ने अपने ही 6 वर्षीय पुत्र की कुएं में डुबोकर हत्या कर दी. लैलूंगा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. घटना के संबंध में आरोपी के भाई मनोज महेश्वरी 28 ने बताया कि वे तीन भाई हैं बड़ा विजय, मंझला विनोद और वह स्वयं . विजय अपने परिवार के साथ निर्माणाधीन मकान में रहता है, जबकि विनोद अपने दो पुत्रों उम्र 8 एवं 6 वर्ष के साथ बगल के घर में रहता था. उसकी पत्नी अलग रह रह रही थी और वह घरेलू विवाद के कारण तनावग्रस्त रहता था. 8 फरवरी की शाम लगभग 6 बजे विनोद अपने छोटे बेटे के साथ घर के सामने खड़ा था. अगले दिन सुबह मनोज जब मकान के पीछे स्थित कुएं के पास टुल्लू पंप चालू करने गया, तो कुएं के भीतर से विनोद की आवाज आई कि मोटर बंद कर दो, वह भीतर है. आसपास के लोगों को बुलाकर पूछताछ करने पर विनोद ने बताया कि उसने अपने छोटे बेटे को हत्या की नियत से कुएं में फेंक दिया और स्वयं अंदर उतरकर पानी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी. सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी व मृत बालक को कुएं से बाहर निकाला. घटना की रिपोर्ट पर थाना लैलूंगा में धारा 103, 1 भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया. ‘आरोपी विनोद महेश्वरी पिता स्व. मोहनराम महेश्वरी 30 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 15, ग्राम जामढोंढी भदरापारा थाना लैलूंगा को गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

विवादित फिल्म शीर्षक पर महिलाओं का विरोध 

कोरबा. रिलीज होने जा रही फिल्म घूसखोर पंडित फिल्म के खिलाफ दर्री में ब्रह्म समाज की महिला एकत्र होकर फिल्म के शीर्षक और संवादों को आपत्तिजनक बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया. नारेबाजी की और फिल्म को तत्काल प्रभाव से बैन करने की मांग की गई. आर्यावर्त समाज के महिलाओं ने कहा कि साजिश के तहत यह फिल्म बनाई गई है ताकि ब्राह्मणों का अपमान किया जा सके. फिल्म के कंटेंट से एक पूरे समाज को बदनाम करने की कोशिश की गई है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा.