फरीदकोट। फरीदकोट जिले के कोटकपूरा के पास स्थित गांव कोठे गज्जण सिंह वाला में सोमवार दोपहर को खेतों में भीषण आग लग गई। इस दुखद घटना में करीब 40 से 45 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई है। किसानों ने प्रशासन और सरकार से तुरंत मुआवजे की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, बठिंडा रोड पर स्थित गांव कोठे गज्जण सिंह वाला के खेतों में दोपहर करीब 3 बजे अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय किसान और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।

झुग्गी-झोपड़ी से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि खेतों के पास स्थित जोगियों की झुग्गी-झोपड़ी के कारण यह आग लगी हो सकती है। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर आग लगने के सही कारणों की जांच कर रही हैं।

तीन परिवारों की मेहनत हुई बर्बाद

किसान नेता जसवंत सिंह ने बताया कि इस अग्निकांड में गांव के तीन परिवारों की लगभग 40 से 45 एकड़ गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि किसान पहले ही प्राकृतिक आपदाओं की मार झेल रहे हैं और अब इस तरह की लापरवाही या हादसे ने उनकी साल भर की मेहनत पर पानी फेर दिया है।