गोविंद पटेल, कुशीनगर. जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र के मोरवन गांव में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रही मां-बेटी पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं. इलाज के दौरान 21 वर्षीय काजल यादव की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी मां की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है. जानकारी के अनुसार, घटना देर रात उस समय हुई जब मां-बेटी अपने घर में सो रही थीं.

इसी दौरान हमलावर छत के रास्ते घर में घुसे और उन पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर फरार हो गए. अचानक हुई इस वारदात से घर में चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान काजल यादव ने दम तोड़ दिया. वहीं, उनकी मां का इलाज जारी है और डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

इसे भी पढ़ें : सड़क पर जिंदगी का सफर खत्म: बोलेरो और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत, 3 दोस्तों की उखड़ी सांसें

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस अधीक्षक केशव कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया है, जो आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की तलाश में जुटी हैं. फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.