कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की राजनीति में जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा नेता और विधायक लखींद्र पासवान ने पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी यादव के पश्चिम बंगाल दौरे और ममता बनर्जी को समर्थन देने के फैसले पर कटाक्ष करते हुए पासवान ने कहा कि तेजस्वी को दूसरों की मदद करने से पहले अपनी पार्टी की स्थिति देखनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि राजद के अपने विधायक ही उनके साथ नहीं हैं और पार्टी के भीतर भारी असंतोष है। पासवान के अनुसार, तेजस्वी बिहार में अपनी जमीन खो रहे हैं और बंगाल में ममता दीदी की मदद का दिखावा करना हास्यास्पद है।
ममता सरकार पर प्रहार
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए लखींद्र पासवान ने एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब उनके शासन से त्रस्त हो चुकी है। पासवान ने भविष्यवाणी करते हुए कहा, इस बार का चुनाव ममता बनर्जी की सरकार के ताबूत में अंतिम कील साबित होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पश्चिम बंगाल में इस बार बदलाव की लहर है और जनता ने टीएमसी को सत्ता से बाहर करने का मन बना लिया है।
पीएम मोदी के सबका साथ-सबका विकास की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की चर्चा करते हुए पासवान ने उनके नेतृत्व को सराहा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने बिना किसी भेदभाव के सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर काम किया है। इसी का परिणाम है कि आज देश की जनता का उन पर अटूट विश्वास है। पासवान ने भरोसा जताया कि मोदी सरकार की जनहितकारी नीतियों के कारण जनता आगे भी उन्हें भरपूर समर्थन देती रहेगी और देश विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

