Lalan Singh News: केंद्रीय पंचायती राज मंत्री और जदयू नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह आज शुक्रवार को बाढ़ के अथवानपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने युवाओं के लिए बड़ी घोषणा की। ललन सिंह ने कहा कि, युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अब बिहार की हर पंचायत में ‘ओपन जिम’ (Open Gym) का निर्माण कराया जाएगा।

संबोधन के दौरान ललन सिंह ने कहा कि, उन्होंने पिछले दो वर्षों का अपना ‘सांसद फंड’ युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए ही सुरक्षित रखा था। उन्होंने कहा कि, आज के दौर में युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होना बेहद आवश्यक है। यदि युवाओं का बेहतर विकास होगा, तो उनमें आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे देश की किसी भी बड़ी प्रतियोगिता या सरकारी नौकरी की परीक्षा में सफलता हासिल कर सकेंगे। ललन सिंह ने कहा कि, बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही साधन उपलब्ध कराने की जरूरत है।

ललन सिंह ने इस दौरान न केवल शारीरिक फिटनेस, बल्कि युवाओं के बौद्धिक विकास को लेकर भी अपनी योजनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि, जहां भी युवाओं की मांग होगी, वहां पुस्तकालय (Library) बनाए जाएंगे। इन पुस्तकालयों में आधुनिक कंप्यूटर की सुविधा भी दी जाएगी, ताकि युवा तकनीक के माध्यम से उच्च शिक्षा ग्रहण कर सकें और दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सकें।

ललन सिंह ने अपने संबोधन के दौरान आगे कहा कि, हर पंचायत में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। पंचायत स्तर के विजेताओं के बीच जिला स्तर पर मुकाबला होगा। साथ ही यह वादा किया कि वे स्वयं खिलाड़ियों को मेडल प्रदान करेंगे और सभी प्रतिभागियों को टी-शर्ट व जिम के लिए ट्रैक सूट भी विभाग की ओर से दिया जाएगा।

ललन सिंह ने स्थानीय विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि, अक्सर लोग गली-नाली और सामुदायिक भवनों की मांग करते हैं। इन कार्यों के लिए पहले से ही पंचायत, जिला परिषद और राज्य सरकार के पास पर्याप्त फंड और योजनाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि, मेरा सांसद फंड अब केवल और केवल युवाओं के भविष्य, उनके स्वास्थ्य और उनकी शिक्षा के लिए समर्पित रहेगा।

ये भी पढ़ें- ‘चाहे राहुल गांधी हों या लालू यादव…’, शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल के बरी होने पर तेजस्वी का बड़ा बयान, कर दी ये बड़ी मांग