Lalluram Impact : सुरेश परतागिरी, बीजापुर. लल्लूराम डॉट कॉम की खबर का एक बार फिर असर देखने को मिला  है. जिला मुख्यालय बीजापुर में लंब समय से खराब पड़े वॉटर कूलर को लेकर हमने प्रमुख्ता से खबर प्रकाशित की थी. मामले को गंभीरता से लेते हुए अब नगर पालिका परिषद ने नेशनल हाइवे के किनारे लगे वॉटर फिल्टर मशीनों का मेंटेनस कराया गया है. अब गर्मी के मौसम में यह वॉटर फिल्टर राहगिरों की प्यास फिर से बुझाने में उपयोगी साबित होंगे. 

दरअसल, 24 मार्च को लल्लूराम डॉट कॉम ने खबर प्रकाशित कर बताया था कि बीजापुर जिला मुख्यालय के मुख्य मार्गों और नए बस स्टैंड में कई स्थानों पर जनता की सुविधा के लिए लगाए गए वॉटर कूलर खराब पड़े हैं. नया बस स्टैंड, सी-मार्ट, इंदिरा मार्केट और कलेक्टर कार्यालय समेत अन्य जगहों पर लगे करीब पांच वॉटर कूलर बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.

इस मामले में नगर पालिका बीजापुर के सीएमओ बंशीलाल नुरेटी ने आश्वासन देते हुए कहा था कि वॉटर कूलरों की मरम्मत के लिए कुछ जरूरी सामग्री की कमी है, जिसे मंगाया जा रहा है और जल्द ही सभी कूलर दुरुस्त कर दिए जाएंगे.  27 मार्च (शुक्रवार) को नगर पालिका प्रशासन ने वॉटर फिल्टर को सुधारकर फिर से चालू कर दिया, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है.