Bihar News: बिहार की सियासत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल आज मंगलवार (24 फरवरी) को राजद सुप्रीमो लालू यादव अचानक दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। उनके साथ पूर्व सीएम राबड़ी देवी भी दिल्ली गई हैं। बता दें कि एक महीने में यह दूसरा मौका होगा, जब लालू यादव दिल्ली जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार लालू यादव हेल्थ चेकअप के लिए दिल्ली रवाना हुए हैं। इसके साथ ही वह लैंड फॉर जॉब मामले की सुनवाई को लेकर कोर्ट में भी पेश हो सकते हैं। बता दें कि इसके पहले 15 फरवरी को लालू यादव दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। तब दिल्ली में लालू यादव ने हेल्थ चेकअप कराया था और साथ ही राउज एवेन्यू कोर्ट में भी पेश हुए थे।

उस दौरान कोर्ट में लालू यादव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए केस लड़ने की बात कही थी। लैंड फॉर जॉब मामले में कोर्ट ने लालू यादव-राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव को 25 फरवरी तक का समय दिया था। सभी कोर्ट में पेश हो चुके हैं। 9 मार्च से इस मामले में डे-टू-डे सुनवाई होनी है।

​पिछली सुनवाई के दौरान स्पेशल जज विशाल गोग्ने ने लालू परिवार के कामकाज के तरीके पर बेहद तीखी टिप्पणी की थी। अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि लालू यादव और उनके परिवार ने एक ‘आपराधिक गिरोह’ की तरह काम किया। जज के अनुसार, सरकारी नौकरियों को एक हथियार की तरह इस्तेमाल कर अपने परिवार के नाम कीमती अचल संपत्तियां हासिल करने की एक गहरी साजिश रची गई।​CBI की चार्जशीट के अनुसार, यह घोटाला 2004 से 2009 के बीच का है जब लालू यादव रेल मंत्री थे।

ये भी पढ़ें- एआई समिट में कांग्रेस का प्रदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण, देश की छवि धूमिल करने की कोशिश: अशोक चौधरी