पटना। नौकरी के बदले जमीन मामले में आज दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है। इसके लिए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी पटना से दिल्ली पहुंच चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक, अदालती कार्यवाही के साथ-साथ लालू यादव अपना रूटीन हेल्थ चेकअप भी कराएंगे। पिछली सुनवाई में लालू यादव व्हीलचेयर पर कोर्ट पहुंचे थे, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
कोर्ट की तल्ख टिप्पणी
पिछली सुनवाई के दौरान स्पेशल जज विशाल गोग्ने ने बेहद सख्त रुख अपनाया था। कोर्ट ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि लालू यादव और उनके परिवार ने सरकारी नौकरियों को अचल संपत्ति हड़पने का हथियार बनाया। कोर्ट ने इसे ‘संगठित आपराधिक साजिश’ करार देते हुए टिप्पणी की कि पूरा परिवार एक गिरोह की तरह काम कर रहा था।
आरोपों को नकारा
अदालती प्रक्रिया के दौरान जब कोर्ट ने पूछा कि क्या वे आरोपों को स्वीकार करते हैं, तो लालू यादव ने उन्हें सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने और राबड़ी देवी दोनों ने स्पष्ट किया कि वे मुकदमे का सामना करेंगे और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। सांसद मीसा भारती ने भी न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि एक ही केस के कई हिस्से बनाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है।
CBI की चार्जशीट और आगे की राह
कोर्ट ने माना कि CBI के पास मुकदमा चलाने के पर्याप्त आधार हैं। जमीन के ट्रांसफर और कीमतों में गड़बड़ी के तार सीधे परिवार से जुड़े हैं। हालांकि, कोर्ट ने यह भी साफ किया कि आरोप तय होना दोषसिद्धि नहीं है और बचाव पक्ष को सबूतों को चुनौती देने का पूरा मौका मिलेगा। अगली सुनवाई के लिए CBI को अन्य आरोपियों के खिलाफ आवश्यक अनुमतियां जल्द हासिल करने का निर्देश दिया गया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


