मध्य प्रदेश के शिवपुरी में वकील की हत्या से पूरे प्रदेश के अघिवक्ताओं में आक्रोश है। जगह-जगह विरोध में प्रदर्शन हो रहा है। जबलपुर समेत कई जिलों में वकीलों ने रैली निकाली। वहीं छतरपुर में निर्वस्त्र होकर अपना विरोध जताया।
जबलपुर में रैली निकालकर कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन
कुमार इंदर, जबलपुर। शिवपुरी में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या से आक्रोश भड़क उठा। जबलपुर के वकील अदालती कामकाज से विरत रहे। उन्होंने रैली निकालकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजकर मध्य प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। अधिवक्ताओं ने दिवंगत अधिवक्ता संजय सक्सेना के परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने हत्याकांड में शामिल आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की। परिवार के आश्रित को सरकारी नौकरी देने की भी डिमांड की। गुस्साए अधिवक्ताओं ने प्रदेश सरकार को एक सप्ताह की मोहलत दी है। मांग पूरी न होने की स्थिति में भोपाल जाकर अनशन और प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

इंदौर में प्रदर्शन, एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल लागू करने की मांग
हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के आह्वान पर आज पूरे मध्यप्रदेश में वकील न्यायालयीन कार्य से विरत रहे और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल लागू करने की मांग दोहराई है। शिवपुरी में हुई सनसनीखेज वारदात के बाद प्रदेश का अभिभाषक समुदाय एकजुट हो गया है। राज्य अधिवक्ता परिषद जबलपुर के आह्वान पर आज मध्यप्रदेश के सभी जिलों में वकीलों ने न्यायालयीन कार्य का बहिष्कार किया।

इसी कड़ी में इंदौर में जिला कोर्ट और हाईकोर्ट के अधिवक्ता अपने कार्य से विरत रहे। अधिवक्ताओं का कहना है कि वे पिछले बीस वर्षों से लगातार एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। लेकिन अब तक सरकार की ओर से केवल आश्वासन ही मिला है। इंदौर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष यादव ने कहा कि साल 2012 से अब तक राज्य सरकार द्वारा अधिवक्ता संरक्षण कानून लागू करने का आश्वासन दिया जाता रहा है, लेकिन इसे अमल में नहीं लाया गया।वकीलों का कहना है कि यदि जल्द ही एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
छतरपुर में निर्वस्त्र हुए वकील
रणधीर परमार, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर में वकीलों ने जमकर हंगामा किया और चक्काजाम प्रदर्शन किया। ज्ञापन देने के लिए वे बैरिकेट तोड़कर कलेक्ट्रेट में घुस गए। कलेक्ट्रेट बिल्डिंग का दरवाजा भी तोड़ा। इस दौरान कई वकील निर्वस्त्र हो गए। बताया जा रहा है कि एक घंटे तक इंतजार के बाद भी कलेक्टर नहीं आए तो वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा। सभी ने शहर के मेन चौराहे पर जाम लगाया और कलेक्टर मुर्दाबाद के नारे लगाए। डायल 100 को मौके से भगा दिया।

ग्वालियर में जलाया पुलिस प्रशासन का पुतला
कमल वर्मा, ग्वालियर। ग्वालियर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने काम बंद कर हड़ताल की हाई कोर्ट जिला न्यायालय और विभिन्न कोर्ट में कोई भी अधिवक्ता पैरवी के लिए नहीं पहुंचा। अधिवक्ताओं ने जिला कोर्ट के बाहर प्रोटेस्ट कर शिवपुरी करेरा के पुलिस प्रशासन का पुतला जलाया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग कई सालों से चली आ रही है। वकीलों पर आए दिन हमले हो रहे हैं लेकिन उनकी मांग को पूरा नहीं किया जा रहा है।
अधिवक्ताओं ने शिवपुरी जिला पुलिस प्रशासन का न्यायालय के बाहर पुतला भी जलाया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की वकीलों ने मांग की है कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी एक करोड़ का मुआवजा दिया जाए। इसके लिए उन्होंने एक सप्ताह का समय दिया है।वहीं बार काउंसलिंग के अध्यक्ष पवन पाठक का कहना है कि यदि जल्द एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू नही किया तो वह सभी अधिवक्ता में साथ भोपाल जाकर सीएम हाउस पर धरना प्रदर्शन करेंगे। और जब तक एक्ट लागू नहीं होगा। उनका धरना प्रदर्शन भोपाल में जारी रहेगा।

शिवपुरी में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में जावद के वकीलों की हड़ताल
आकाश श्रीवास्तव, नीमच। स्थानीय वकील हड़ताल पर रहे और न्यायिक कार्य से विरत होकर एकजुटता प्रदर्शित की। इसके बाद अधिवक्ताओं ने जावद अनुविभागीय अधिकारी प्रीति संघवी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त व त्वरित कार्रवाई की मांग की। साथ ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग भी उठाई। इस दौरान जावद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय जोशी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

वकील की हत्या पर बैतूल में उबाल, सड़कों पर उतरे अधिवक्ता
अमित पवार, बैतूल। जिला अभिभाषक संघ ने प्रतिवाद दिवस मनाते हुए कोर्ट में कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया। वकील की हत्या के विरोध में जिला अभिभाषक संघ ने न्यायालयीन कार्य से विरत रहकर हड़ताल की और कलेक्ट्रेट परिसर तक रैली निकालकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। वकीलों ने मांग की है कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए मप्र एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को जल्द से जल्द लागू किया जाए। अभिभाषक संघ पदाधिकारी ने कहा कि लगातार अधिवक्ताओं पर हमले हो रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुरक्षा कानून लागू नहीं हुआ है। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। फिलहाल वकीलों के इस विरोध प्रदर्शन से न्यायालयीन कामकाज प्रभावित हुआ है और अब सबकी नजर सरकार के अगले कदम पर टिकी है।

टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक को हटाने की मांग
मुकेश सेन, टीकमगढ़। शिवपुरी के करेरा में हुई अधिवक्ता की हत्या के विरोध में वकीलों ने प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और जमकर नारेबाजी की। उन्होंने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की। साथ ही टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक को हटाने की मांग भी की।

शिवपुरी में वकीलों ने टीआई पर लगाए गंभीर आरोप परवेज खान, शिवपुरी। सोमवार को शिवपुरी के सभी अधिवक्ताओं ने एक दिन काम बंद हड़ताल कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। वहीं अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट में करेरा थाना टीआई विनोद छावई के खिलाफ नारेबाजी कर कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ता संघ शिवपुरी के जिला अध्यक्ष विजय तिवारी ने टीआई पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर टीआई समय रहते मृतक वकील की सुनवाई कर लेते तो आज संजय सक्सेना जिंदा होते।

क्या है पूरा मामला?
एडवोकेट संजय सक्सेना रोज की तरह बाइक से करैरा सिविल कोर्ट जा रहे थे, जब सागर ताल/आनंद सागर मंदिर के पास घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। वे मौके पर ही मौत के घाट उतर गए। परिजनों का आरोप है कि यह हत्या जमीन विवाद से जुड़ी है। उन्होंने एक पक्ष को केस जीतवाने के बाद विपक्षी ने सुपारी देकर हत्या कराई। परिवार ने चार लोगों के नाम दिए हैं, जिनमें शिक्षक कमलेश शर्मा, उनके सरपंच चाचा सुनील शर्मा आदि शामिल हैं। पुलिस जांच में सुपारी हत्या (10 लाख की, 2 लाख एडवांस) और चुनावी रंजिश का भी एंगल सामने आया है। पुलिस ने रविवार को शॉर्ट एनकाउंटर में तीन शूटरों को गिरफ्तार किया, जिसमें एक आरोपी घायल हुआ। कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

